Kaimur News : दुर्गावती प्रखंड की छांव पंचायत अंतर्गत खरखोली गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण सरकारी ट्यूबवेल पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है. इससे किसानों के सामने धान की रोपनी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से खेत सूख रहे हैं और रोपनी का कार्य प्रभावित हो रहा है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग को दी गयी, लेकिन अब तक इसे बदलने या मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी. विभाग की उदासीनता से किसानों में नाराजगी है.
वादों पर खरा नहीं उतर रहा विभाग
किसानों का कहना है कि सरकार खेती और किसानों की आय बढ़ाने के दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके विपरीत है. विभाग ने ट्यूबवेल को जल्द चालू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ.
बारिश के बाद और बढ़ जाएगी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बारिश शुरू हो गयी तो कच्चे रास्ते के कारण ट्रांसफार्मर लेकर आने वाले वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाएंगे. ऐसे में ट्यूबवेल चालू कराने में और अधिक विलंब होगा तथा धान की रोपनी पर संकट और गहरा जाएगा.
ट्रांसफार्मर बदलने की उठी मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से अविलंब ट्रांसफार्मर बदलकर सरकारी ट्यूबवेल चालू कराने की मांग की है. किसानों का कहना है कि समय रहते सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
