Kaimur News : कैमूर जिला के भगवानपुर अंचल कार्यालय भगवानपुर में शनिवार को राजस्व पदाधिकारी आरती कुमारी और पुलिस सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय के संयुक्त नेतृत्व में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. भूमि विवाद से जुड़े कुल चार मामलों की सुनवाई की गई. इनमें से तीन मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि एक मामले को सुनवाई के लिए डीसीएलआर न्यायालय भेज दिया गया.
जैतपुर कला के मामले में आपसी सहमति से हुआ समाधान
जनता दरबार का पहला मामला जैतपुर कला ग्राम पंचायत के नौगढ़ गांव का था. वादी देवराज पासवान और प्रतिवादी पक्ष के विनोद शाह, कपिल शाह, केदार शाह, उमा शाह, उपेंद्र शाह तथा गौरी शाह के बीच रैयती जमीन को लेकर विवाद था. इस मामले में जिलाधिकारी कैमूर पहले ही वादी पक्ष के पक्ष में फैसला दे चुके थे. जनता दरबार में प्रतिवादी पक्ष को समझाकर विवाद का समाधान करा दिया गया.
दो मामलों में भूमि मापी का निर्देश
दूसरा मामला टोड़ी पंचायत के मोहनपुर गांव का था, जहां चौधरी पाल और संतोष सिंह तथा आशुतोष सिंह के बीच रैयती जमीन को लेकर विवाद था. राजस्व पदाधिकारी ने वादी पक्ष को भूमि की मापी कराने का निर्देश दिया.
चौथा मामला पढ़ौती पंचायत के ओरगाईं गांव का था. अधिवक्ता कमलेश पांडेय और सोमारू राम सहित अन्य लोगों के बीच भूमि विवाद की सुनवाई करते हुए राजस्व पदाधिकारी ने प्रतिवादी पक्ष को अपनी भूमि की मापी कराने का निर्देश दिया.
एक मामला डीसीएलआर न्यायालय भेजा गया
तीसरा मामला रामगढ़ पंचायत के मकरीखोह (पड़री-पतलोईयां) गांव का था, जिसमें सुराली चेरो और हेंगरी चेरो के बीच भूमि विवाद था. मामले की प्रकृति को देखते हुए दोनों पक्षों को डीसीएलआर न्यायालय में उपस्थित होकर सुनवाई कराने का निर्देश दिया गया.
कई कर्मी रहे मौजूद
जनता दरबार में अंचल कार्यालय के नाजिर मनोज कुमार, राजस्व कर्मी अवधेश कुमार राम, लिपिक सत्यभामा कुमारी समेत अंचल कार्यालय के कई कर्मी और दोनों पक्षों के लोग उपस्थित रहे. अधिकारियों ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित और शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है.
