Kaimur News : समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को भभुआ समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि समाज कल्याण के उद्देश्य से नशा मुक्ति और बुजुर्गों के अधिकारों को लेकर जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सरकार की योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगा.
नशे की लत को बताया समाज के लिए गंभीर समस्या
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की लत समाज के लिए गंभीर समस्या है. इसका असर युवाओं के साथ-साथ परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है. नशा मुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है. जागरूकता रथ के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सजग किया जायेगा और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जायेगा.
Also Read : कैमूर में आर्मी जवान को स्कॉर्पियो में जलाया, पीड़ित के बयान पर तीन गिरफ्तार
बुजुर्गों को उनके अधिकारों की दी जायेगी जानकारी
डीएम ने कहा कि बुजुर्गों के भरण-पोषण और उनके अधिकारों के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी जायेगी, ताकि जरूरत पड़ने पर वे अपने अधिकारों के लिए उचित मंच पर आवेदन कर सकें. उन्होंने बताया कि कई बार बुजुर्गों को उनके ही बच्चे घर से बेघर कर देते हैं या उनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं उठाते हैं. ऐसे बुजुर्गों को अपने अधिकारों के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. वे संबंधित अनुमंडल कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की मांग कर सकते हैं.
Also Read : कैमूर में बच्चों के विवाद में महिला से मारपीट, बचाने पहुंचे पुत्र-पुत्री को भी पीटा
प्रशासनिक स्तर पर सहायता का है प्रावधान
जिलाधिकारी ने बताया कि नियमानुसार ऐसे मामलों में बुजुर्गों की सुरक्षा और भरण-पोषण सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जाती है. माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण से संबंधित प्रावधानों के तहत पात्र मामलों में बच्चों को अपने माता-पिता के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभानी होती है. निर्धारित नियमों के अनुसार जरूरतमंद बुजुर्गों को आर्थिक सहायता दिलाने का भी प्रावधान है.
प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचेगा जागरूकता रथ
जिलाधिकारी ने कहा कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा. इस दौरान लोगों को नशा मुक्ति, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और उनके लिए उपलब्ध प्रशासनिक सहायता की जानकारी दी जायेगी. इसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है, ताकि जरूरतमंद बुजुर्ग समय पर प्रशासन से सहायता प्राप्त कर सकें.
Also Read : कैमूर NH-219 पर गिट्टी-बालू का कारोबार, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी
