Kaimur News : कैमूर जिला के दुर्गावती थाना क्षेत्र के सावठ गांव में खेत में घास काटने के दौरान वृद्ध आबिद अली की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक के पुत्र अर्शीद अली की शिकायत पर आठ लोगों के विरुद्ध दुर्गावती थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
आठ लोगों पर हत्या का आरोप प्राथमिकी के अनुसार, गुरुवार को आबिद अली अपने खेत में पशुओं के लिए घास काट रहे थे. इसी दौरान नामजद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी, लोहे की रॉड तथा धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. हमले में उन्हें कई जगह गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े.
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित घटना की सूचना मिलने पर मृतक के पुत्र अर्शीद अली मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी. पुलिस घायल आबिद अली को दुर्गावती अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, भभुआ रेफर किया गया. वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी दुर्गावती थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. इनमें नूरजहां बीवी और रिजवाना खातून को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
