भभुआ सदर. भभुआ शहर में पुलिस की विफलता से शातिर वाहन चोरों की सक्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है. लगभग हरेक दिन शहर के अति व्यस्त इलाकों और सरकारी संस्थानों के बाहर से बाइक और इ-रिक्शा की चोरी हो रही है. शुक्रवार को भी शातिर वाहन चोरों ने शहर के चकबंदी रोड स्थित गायत्री मंदिर के समीप खड़े एक इ-रिक्शा और पटेल कॉलेज के सामने से एक युवक की बाइक की चोरी कर ली. मामले में पीड़ितों द्वारा नगर थाने में आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगायी गयी है. इ-रिक्शा चोरी जाने के संबंध में बेलांव थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी विक्रमा राम ने बताया कि वह इ-रिक्शा चलाने के लिए चकबंदी रोड में स्थित गायत्री मंदिर के समीप भाड़े के मकान में रहता है. हर दिन की तरह ही वह शुक्रवार को भी दोपहर में इ-रिक्शा गायत्री मंदिर के समीप खड़ा कर भोजन करने चला गया था. दोपहर बाद 4.30 बजे वह बाहर निकला तो उसका इ-रिक्शा गायब था, काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चला. उधर, बाइक चोरी के संबंध में भभुआ थाना क्षेत्र के नोनरा गांव निवासी दिलीप कुमार सिंह ने थाने में आवेदन देकर बताया कि वह आठ तारीख को पटेल कॉलेज के सामने अपनी बाइक खड़ी कर अपने एक दोस्त से मिलने चला गया था, लेकिन जब वह दोस्त से मिलकर वापस आया, तो उसकी बाइक गायब थी. काफी पता लगाने के बाद भी बाइक का पता नही चला. दोनों वाहन चोरी मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है. साथ ही पुलिस सीसीटीवी के फुटेज आदि से वाहन चोरों के बारे में पता लगाने में जुटी है.
गायत्री मंदिर के समीप से इ-रिक्शा व पटेल कॉलेज के सामने से बाइक की चोरी
भभुआ शहर में पुलिस की विफलता से शातिर वाहन चोरों की सक्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है
