कैमूर: बाइक के सामने अचानक दौड़ा कुत्ता, अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरी महिला; इलाज के दौरान तोड़ा दम

कैमूर जिले में आवारा पशुओं के कारण एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ है. एक महिला की मौत से परिजनों में मातम पसर गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं से निजात दिलाने की गुहार लगाई है.

Kaimur News: जिले में आवारा पशुओं के कारण एक बार फिर भीषण सड़क हादसा सामने आया है. चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीवाने के समीप मंगलवार सुबह बाइक के आगे अचानक कुत्ता आ जाने से बाइक अनियंत्रित हो गई. इस हादसे में बाइक के पीछे बैठी 39 वर्षीय महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई. आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

चैनपुर बाजार जाते समय हुआ हादसा

मृतका की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के घटमापुर गांव निवासी बेचन बिंद की पत्नी प्रभावती देवी (39) के रूप में हुई है. प्रभावती देवी मंगलवार सुबह करीब सात बजे अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर किसी जरूरी काम से चैनपुर बाजार जा रही थीं. जैसे ही वे दीवाने के पास पहुंचे, एक कुत्ता अचानक दौड़ते हुए बाइक के सामने आ गया. कुत्ते को बचाने के चक्कर में चालक ने संतुलन खो दिया और प्रभावती देवी झटके से पक्की सड़क पर गिर पड़ीं.

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

सड़क पर गिरने के कारण प्रभावती देवी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. स्थानीय राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत चैनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

दो बेटियों के सिर से उठा साया

प्रभावती देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मृतका अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है. हादसे की खबर मिलते ही घटमापुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया.

आवारा पशुओं से निजात की मांग

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों ने बताया, "ग्रामीण सड़कों पर आवारा कुत्तों और मवेशियों के अचानक आ जाने से दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं. प्रशासन को सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान न जाए."

Also Read: कैमूर में प्रभात खबर का असर: सात दिन तक मौत बनकर बिजली तार पर झूलता रहा पेड़, खबर छपते ही कुछ घंटों में वन विभाग ने हटाया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत पटेल

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >