कैमूर के भभुआ प्रखंड की ग्राम पंचायत बेतरी के कबार गांव में गुरुवार को संत रविदास जयंती के अवसर पर संत रविदास विकास शिविर लगाया गया. शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी कुमार अनुराग ने किया. इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर का उद्देश्य केवल लोगों से आवेदन लेना नहीं है, बल्कि पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है.
डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि संत रविदास ने समानता, मानवता, सामाजिक समरसता और भेदभाव रहित समाज का संदेश दिया था. उनके विचारों को जमीन पर उतारने का सही अर्थ यही है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे. कोई भी पात्र परिवार सिर्फ जानकारी या जरूरी सहयोग नहीं मिलने के कारण सरकारी सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए.
विकास मित्र और पंचायत कर्मियों की अहम जिम्मेदारी
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकास मित्र, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता और पंचायत स्तर पर काम करने वाले कर्मियों की इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका है. इन कर्मियों को अपने क्षेत्र के जरूरतमंद और पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की दिशा में काम करना है. प्रशासन का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
डीएम ने ग्रामीणों से भी अपनी जरूरतों और समस्याओं को शिविर में सामने रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि पात्रता के आधार पर लोगों को संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जायेगा.
शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विकास मित्र, पंचायत स्तरीय कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों से जुड़े आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे.
22 योजनाओं और सेवाओं का मिलेगा लाभ
संत रविदास जयंती के अवसर पर कैमूर जिले में आयोजित किये जा रहे संत रविदास विकास शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सरकार की 22 योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
इनमें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, आवास, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, बिजली, नल-जल, शिक्षा, कौशल विकास, मनरेगा, जीविका और बीमा समेत कई महत्वपूर्ण योजनाएं और सेवाएं शामिल हैं.
प्रशासन का उद्देश्य है कि शिविर के माध्यम से इन योजनाओं के पात्र लाभुकों की पहचान की जाये और उन्हें जरूरी प्रक्रिया पूरी कराकर सरकारी सुविधाओं से जोड़ा जाये. इससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को एक ही स्थान पर कई सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी.
आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
कबार गांव में आयोजित शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन करने का निर्देश जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार किया जाये और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाये.
डीएम ने कहा कि संत रविदास विकास शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने की पहल है. जिला प्रशासन शिविरों के सफल आयोजन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है. प्रशासन की कोशिश है कि पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी तरह की कमी न रहे.
