समाहरणालय की जिला पंचायत शाखा में गंदा पानी जमा, रूम में बैठना भी मुश्किल

भभुआ समाहरणालय की जिला पंचायत शाखा में गंदा पानी जमा होने से कर्मचारी परेशान हैं। दुर्गंध के बीच मुंह पर रुमाल रखकर काम करने को मजबूर हैं ऑपरेटर।

Kaimur News : जिले का प्रशासनिक मुख्यालय यानी समाहरणालय, जहां से पूरे जिले की व्यवस्था संचालित होती है, उसी भवन के अंदर जिला पंचायत शाखा के ऑपरेटरों को बदहाल व्यवस्था के बीच काम करना पड़ रहा है. जिला पंचायत शाखा के ऑपरेटरों के लिए बनाए गये कमरे में पानी के रिसाव के कारण गंदा पानी जमा है. इससे कमरे में लगातार दुर्गंध बनी हुई है और वहां बैठकर काम करना कर्मचारियों के लिए मुश्किल हो गया है.

गंदे पानी के बीच काम करने की मजबूरी

खबर संकलन के दौरान जिला पंचायत शाखा स्थित उक्त कमरे में दो ऑपरेटर काम करते मिले. कमरे में जगह-जगह गंदा पानी जमा था. पानी से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण दोनों ऑपरेटरों ने अपनी कुर्सियां इधर-उधर कर रखी थीं. दुर्गंध से बचने के लिए वे मुंह पर रुमाल रखकर काम करते नजर आये.

फटे पाइप से लगातार हो रहा पानी का रिसाव

कार्यरत ऑपरेटर अजीत चौधरी ने बताया कि कमरे में पानी जमा होने की समस्या काफी समय से बनी हुई है. उनके अनुसार भवन की दीवार में लगा पाइप फट जाने के कारण लगातार पानी का रिसाव हो रहा है. इसके चलते कमरे में गंदा पानी जमा हो गया है और कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कई बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई सफाई

ऑपरेटर अजीत चौधरी के अनुसार कमरे में पानी जमा होने की जानकारी कई बार सुपर को दी गयी है. इसके अलावा इस संबंध में लिखित पत्र भी दिया गया है. बावजूद इसके अब तक कमरे की सफाई नहीं करायी गयी है और न ही पानी के रिसाव की समस्या का समाधान हुआ है.

कार्यालय में काम करने के माहौल पर सवाल

समाहरणालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक भवन में कर्मचारियों को गंदे पानी और दुर्गंध के बीच काम करना पड़ रहा है. लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण कमरे की स्थिति और खराब होती जा रही है. इससे कार्यालय में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में काम करने की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

जल्द पाइप की मरम्मत और सफाई की मांग

ऑपरेटरों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द फटे पाइप की मरम्मत कराने और कमरे में जमा गंदे पानी की सफाई कराने की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान होने से ही वे सामान्य और स्वच्छ वातावरण में अपना काम कर सकेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kr pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >