चैनपुर. थाना क्षेत्र के हाटा बाजार में पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस मारपीट के दौरान आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें परिजनों द्वारा चैनपुर थाना लाया गया, जहां से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां सभी का इलाज किया गया. इस मारपीट से संबंधित पहला आवेदन ओमप्रकाश चौहान द्वारा चैनपुर थाने में दिया गया. आवेदन में बताया है कि वह अपने परिवार के साथ घर में बैठा था, तभी उसके चाचा ठकुरी चौहान व उनके दो पुत्र नागेंद्र चौहान व धर्मेंद्र चौहान लाठी डंडा लेकर घर में घुस गये और गाली गलौज करने लगे. उसके पिता बसंत चौहान गाली देने से मना किये, तो सभी लाठी डंडे से उन्हें मारने लगे, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गये. हल्ला गुल्ला सुनकर उसकी पत्नी, भव व मां वहां आयी, तो उन लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की. इस मामले में दूसरा आवेदन ठकुरी चौहान के पुत्र धर्मेंद्र चौहान द्वारा दिया गया है. आवेदन में बताया है कि वह घर के दरवाजे के पास बैठा था, तभी उसके बड़े पिता बसंत चौहान और उनके तीन पुत्र सुशील चौहान, हरिश्चंद्र चौहान व ओम प्रकाश चौहान वहां जाकर गाली गलौज करने लगे. उसने गाली देने से मना किया तो उन सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की. आवेदन में घायल ने बताया है कि उसे बचाने जब उसके पिता व बड़े भाई नागेंद्र चौहान वहां आये, तो उन लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की. इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया दोनों ही पक्षों द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
