Kaimur news : चैनपुर प्रखंड क्षेत्र की चैनपुर एवं मदुरना पंचायत में मंगलवार को आमजन की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें एवं आवेदन अधिकारियों को सौंपे.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं
शिविर में राजस्व, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे. अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया.
80 प्रतिशत मामलों का शिविर में ही हुआ निष्पादन
प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक यादव ने बताया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त करीब 80 प्रतिशत आवेदनों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया है.
लंबित मामलों के जल्द समाधान का भरोसा
बीडीओ ने कहा कि सभी लंबित मामलों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन किया जाएगा. शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने मौके पर समस्याओं का समाधान मिलने पर संतोष जताया. अधिकारियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए ऐसे सहयोग शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
