Kaimur News : रामगढ़ थाना क्षेत्र में भैंस चोरी कर टेंपो से भाग रहे गिरोह की वारदात का पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश कर दिया. मोहनपुर गांव में दरवाजे पर बंधी दो भैंसों की रस्सी काटकर उन्हें टेंपो पर लादकर ले जा रहे एक आरोपित को पुलिस ने खोरहरा पुल के पास गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की दोनों भैंसों के साथ वारदात में इस्तेमाल टेंपो भी बरामद किया है.
रात एक बजे रस्सी काटकर खोल ले गये भैंसें
गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोहनियां थाना क्षेत्र के तोरवा गांव निवासी अजय उर्फ जूरी यादव (35), पिता सुखदेव सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, मोहनपुर निवासी भास्कर तिवारी के घर के दरवाजे पर बंधी दो भैंसों को गुरुवार की रात करीब एक बजे चोर रस्सी काटकर खोल ले गये. इसके बाद उन्हें टेंपो पर लादकर ले जाया जा रहा था.
रास्ते में पुलिस ने टेंपो रोककर की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हो गयी और संभावित रास्तों पर वाहनों की जांच शुरू कर दी. इसी दौरान खोरहरा पुल के पास पुलिस ने एक टेंपो को रोककर जांच की. टेंपो में दोनों चोरी की भैंसें लदी मिलीं. इसके बाद पुलिस ने अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की भनक लगते ही साथी अंधेरे में भागे
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि वह करीब आठ-दस लोगों के गिरोह के साथ भैंस चोरी करने आया था. भैंसों को टेंपो पर लादकर ले जाने के दौरान गिरोह को पुलिस के पीछा करने की भनक लग गयी. इसके बाद कुछ साथी टेंपो लेकर भाग निकले, जबकि तीन-चार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गये. पुलिस ने पीछा कर अजय यादव को पकड़ लिया.
पूछताछ में गिरोह के कई सदस्यों के नाम सामने आये
गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली है. पुलिस के अनुसार, ढोढ़ा नट उर्फ जूरी नट, बिमलेश नट, लफका नट, चुन्ना नट, भोला नट, टमाटर नट, विनोद नट, अंगद नट समेत अन्य लोगों के नाम सामने आये हैं. इनमें एक आरोपित के उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है. पुलिस सभी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
इलाके में पहले भी हो चुकी हैं मवेशी चोरी की घटनाएं
भैंस मालिक भास्कर तिवारी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि क्षेत्र में इससे पहले भी मवेशी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने आशंका जतायी है कि इन घटनाओं के पीछे यही संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है. आवेदन के अनुसार, गिरोह के कुछ सदस्यों के खिलाफ मोहनियां थाना समेत अन्य थानों में भी भैंस चोरी के मामले दर्ज हैं और वे पूर्व में जेल भी जा चुके हैं.
टेंपो और मोबाइल जब्त, फरार सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के पास से वारदात में इस्तेमाल टेंपो संख्या BR45P6566 और सैमसंग कीपैड मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपित से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य फरार सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है. घटना के बाद क्षेत्र के पशुपालकों में भी मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है.
