चैनपुर थाना क्षेत्र के घाटी गांव में बुधवार की भोर घर के अंदर बेड पर सोई 15 वर्षीय किशोरी को किसी विषैले जंतु ने काट लिया. किशोरी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले झाड़-फूंक के लिए ले गए. हालत में सुधार नहीं होने पर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
झाड़-फूंक के बाद अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
मृतका की पहचान घाटी गांव निवासी रामअजोर राम की 15 वर्षीय पुत्री सुमन कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात खाना खाने के बाद सुमन घर के अंदर बेड पर सोई थी. बुधवार की भोर में उसे किसी विषैले जंतु ने काट लिया. इसकी जानकारी उसने परिजनों को दी, जिसके बाद वे उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ढेड़ुवा, भदारी अमवा स्थित अमवा की सती माता मंदिर ले गए.
हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल में कराया भर्ती
झाड़-फूंक के बाद भी सुमन की हालत में सुधार नहीं हुआ. इसके बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. बुधवार को करीब 11 बजे परिजन शव लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया.
डॉक्टर बोले, समय पर इलाज मिलता तो बच सकती थी जान
सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. साहिल राज ने बताया कि विषैले जंतु के काटने के बाद मरीज को बिना समय गंवाए अस्पताल लाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सुमन को समय पर चिकित्सकीय उपचार नहीं मिलने के कारण उसकी जान चली गई. डॉक्टर ने लोगों से झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचकर इलाज कराने की अपील की.
दो बहनों में सबसे छोटी थी सुमन
बताया गया कि सुमन दो बहनों में सबसे छोटी थी. उसके दो भाई भी हैं. उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
