रामपुर. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पसाई पंचायत में शुक्रवार को बीडीओ दृष्टि पाठक ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत चयनित लाभार्थियों के नामों का भौतिक सत्यापन किया. इस दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सूचीबद्ध लाभार्थियों के घर-घर जाकर भौतिक जांच की और योजना की प्रगति की जानकारी ली. बीडीओ ने लाभार्थियों से बातचीत कर उनके आवास की स्थिति, भूमि स्वामित्व, पारिवारिक आय और अन्य सरकारी योजनाओं से मिलने वाले लाभों की भी विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंदों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है. इसलिए किसी भी हाल में अपात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ नहीं मिलने दिया जायेगा. सत्यापन के दौरान जिन नामों पर संदेह पाया गया, उनकी विस्तृत जांच के निर्देश संबंधित कर्मियों को दिये गये. निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने कर्मियों को निर्देश दिया कि सत्यापन का कार्य पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ किया जाये. उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी लाभार्थी अपात्र पाया जाता है, तो उसका नाम सूची से हटाया जायेगा. वहीं, पात्र लोगों को समय पर योजना का लाभ दिलाया जायेगा. इसी क्रम में उक्त पंचायत के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता कर्मियों द्वारा जांच की गयी कि निर्मित शौचालय का आवेदन प्रखंड कार्यालय में जमा है या नहीं और यदि आवेदन नहीं जमा है, तो कर्मियों द्वारा आवेदन घर पर ही लिया जा रहा था. इसके साथ ही प्रखंड कार्यालय में पूर्व के शौचालय के लिए प्रोत्साहन राशि का आवेदन जमा है, उसका सत्यापन भी किया जा रहा था. इस दौरान प्रखंड स्तरीय कर्मी मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
