भभुआ नगर. समाहरणालय स्थित मां मुंडेश्वरी सभागार में शनिवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित सक्षमता परीक्षा टू में उत्तीर्ण व सफलतापूर्वक काउंसेलिंग पूर्ण करने वाले स्थानीय निकाय के शिक्षकों को विशिष्ट शिक्षक के रूप में स्थानीय विधायक भरत बिंद व जिला पदाधिकारी सावन कुमार द्वारा औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरित किया गया. इधर, इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडे ने बताया कि नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा प्रदान करने हेतु राज्य सरकार द्वारा आयोजित सक्षमता परीक्षा-एक में उत्तीर्णता प्राप्त 2053 शिक्षक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया था, जो अपने मूल विद्यालय में योगदान कर विशिष्ट शिक्षक के रूप में राज्य कर्मी का दर्जा प्राप्त कर पदस्थापित हो चुके हैं. साथ ही कहा कि इसी कड़ी के तहत द्वितीय सक्षमता परीक्षा के अंतर्गत कैमूर जिले में कुल 2091 सफल शिक्षक अभ्यर्थियों को औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरण किया गया. इसमें जिला पदाधिकारी व विधायक द्वारा मां मुंडेश्वरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक प्रखंड से 10-10 शिक्षकों सहित कुल 120 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया. जबकि, अन्य सभी शिक्षकों को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से औपबंधिक नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया. वहीं, कहा गया कि नियुक्ति पत्र पाने वालों में कक्षा 1 से 5 में 1449, कक्षा 6 से 8 में 276, कक्षा 9 से 10 में 276 तथा कक्षा 11 से 12 के 90 शिक्षक शामिल हैं. साथ ही कहा कि विशिष्ट शिक्षक जिन्हें नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है, वे सभी शिक्षक 1 से 7 मार्च के बीच अपने मूल विद्यालय में योगदान करना सुनिश्चित करेंगे. = राज्य स्तरीय समारोह का दिखाया गया लाइव टेलीकॉस्ट विशिष्ट शिक्षकों के औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के राज्य स्तरीय समारोह का लाइव टेलीकॉस्ट भी दिखाया गया. इस दौरान अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, नगर पर्षद अध्यक्ष बबलू तिवारी, डीपीओ कृष्ण मुरारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी अन्य व्यक्ति मौजूद थे. = नियुक्ति पत्र पाते ही शिक्षकों का खिला चेहरा कार्यक्रम के दौरान औपबंधिक नियुक्ति पत्र मिलते ही शिक्षकों का चेहरा खिल उठा. विशिष्ट शिक्षक के रूप में राज्य गर्मी का दर्जा मिलने के बाद शिक्षक काफी खुश दिखे. इधर औपबंधिक नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने सभी विशिष्ट शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी शिक्षक अपने अपने विद्यालय कार्य करते हुए उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस करें.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
