कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात एनएच-19 पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. कर्मनाशा पावर ग्रिड के पास करीब 3:20 बजे गुजरात से शव लेकर झारखंड जा रही एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एंबुलेंस में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
शव लेकर गुजरात से झारखंड जा रही थी एंबुलेंस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस गुजरात से एक शव लेकर झारखंड जा रही थी. एंबुलेंस में शव के अलावा मृतक के चार-पांच परिजन भी सवार थे. जैसे ही एंबुलेंस दुर्गावती थाना क्षेत्र के कर्मनाशा पावर ग्रिड के पास पहुंची, उसी दौरान आगे चल रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे के बाद एंबुलेंस के अंदर चीख-पुकार मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर दुर्गावती पुलिस और एनएचएआई की टीम पहुंची.
एक की मौत, चार गंभीर घायलों को वाराणसी भेजा गया
मौके पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई की टीम ने एंबुलेंस में सवार घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गावती पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया. वहीं चार लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. घटना की जानकारी मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई है.
फिलहाल मृतक और घायलों के नाम की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस के अनुसार, परिजनों के पहुंचने के बाद ही उनकी पहचान की जानकारी मिल सकेगी.
क्या कहा दुर्गावती थानाध्यक्ष ने
दुर्गावती थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि एक एंबुलेंस शव लेकर बिहार की तरफ आ रही थी. कर्मनाशा के पास एंबुलेंस की ट्रक से टक्कर हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है.
