भभुआ-चैनपुर सड़क पर दतियांव मोड़ पर हुई दुर्घटना साथियों के साथ तुतला भवानी से दर्शन कर ऑटो से अपने गांव लौट रहा था नीरज भभुआ सदर. भभुआ-चैनपुर सड़क पर स्थित दतियांव मोड़ पर पानी ढोनेवाले वाहन से आमने सामने की भीषण टक्कर में सीएनजी ऑटो में सवार एक 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गयी. मृत किशोर चैनपुर थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी बनारसी प्रसाद का बेटा नीरज कुमार बताया जाता है. हादसे के संबंध में पता चला है कि मृत किशोर साल के पहले दिन साथियों के साथ दर्शन और घूमने के लिए पड़ोसी रोहतास जिले में स्थित तुतला भवानी मंदिर गया था. दर्शन और घूमने के बाद सभी सीएनजी ऑटो से वापस अपने गांव लौट रहे थे. लौटने के क्रम में रात नौ बजे के करीब दतियांव मोड़ के समीप अचानक चैनपुर की ओर से आ रहे पानी ढोनेवाले एक मालवाहक टेंपो ने ऑटो में जोरदार धक्का मार दिया. धक्के से ऑटो में आगे बैठा किशोर झटके से सड़क पर जा गिरा. इसी दौरान ओवरटेक कर रहे किसी वाहन ने उसे जोरदार धक्का मारता हुआ निकल गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल किशोर को सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच कर जख्मी किशोर को मृत घोषित कर दिया. सदर अस्पताल में किशोर की मौत होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना पर भभुआ सदर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा करते हुए किशोर के शव का देर रात ही पोस्टमार्टम कराया और फिर शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस मामले में फिलहाल परिजनों ने कोई पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया है, पुलिस अपने स्तर से घटना की जानकारी जुटाने में लगी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
