मोहनिया शहर : 500 व 1000 रुपये के नोट एकाएक बंद करने की घोषणा के बाद बुधवार को मोहनिया बाजार में मिलाजुला असर रहा. सब्जी खरीदने से लेकर बसों में किराया देने को लेकर लोग परेशान रहे. जबकि बड़े व्यवसायियों के यहां भीड़ लगी रही. इस संबंध में मंगलम साड़ीज दुकान के मालिक का कहना है कि 500 और 1000 रुपये के बंद होने से कोई असर नहीं दिखा. हमारे पास जो लोग बड़े नोट लेकर आयेंगे उसे हम बैंक में जमा करायेंगे.
मोहनिया के मशहूर आभूषण दुकान सरदार अलंकार के मालिक ने बताया कि लोग आ रहे हैं, जो खरीद रहे हैं उसे हम बेच रहे हैं. 500 एवं 1000 के नोट बंद होने से बिजनेस पर असर नहीं है. मोहनिया में चाय व पान दुकान पर फुटकर पैसे के अभाव मेंदुकानदारी मंदी रही. सबसे अधिक परेशानी सब्जी खरीदने वालों को हुई. 500 एवं 1000 के नोट सब्जी दुकानदार नहीं ले रहे थे.
टोल प्लाजा पर वाहन चालक परेशान: देश का लाइफ लाइन माने जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमूर जिले के मोहनिया में बने टोल प्लाजा पर अहले सुबह से गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही.
मोदी सरकार द्वारा अचानक बंद किये गये 500 और 1000 रुपये के नोट को टोल प्लाजा कर्मियों ने वाहन के ड्राइवरों से लेना बंद कर दिया. इससे इस रास्ते से गुजरने वाली गाड़ियों के ड्राइवरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. पेट्रोल पंपों पर भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है. ड्राइवरों ने बताया कि मोदी जी के इस निर्णय का हम स्वागत करते हैं लेकिन, हम सफर में हैं . हमारे पास यही नोट हैं. जब ये नहीं लेंगे तो अचानक हम दूसरा पैसा कहां से लायेंगे. टोल प्लाजा कर्मी ने बताया कि बंद होने के बाद ये रुपये कैसे लिये जा सकते हैं. सवाल यह उठता है कि जो लोग सफर कर रहे हैं और उनके पास पांच सौ और हजार रुपये के ही नोट हो, तो फिर वो मंजिल पर कैसे पहुंचेंगे. एनएच टू पर दस किमी लंबा जाम लग गया.
भभुआ रोड स्टेशन पर यात्री रहे हलकान
रेलवे स्टेशन पर भी काफी भीड़ देखी गयी. टिकट काउंटर पर लोगों को टिकट के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी . पटना जा रहे सुमित पांडेय ने कहा कि टिकट काउंटर पर बताया गया कि छुट्टे पैसे लाइसे, तब टिकट मिलेगी. मजबूरन मुझे बिना टिकट जाना पड़ रहा है. यात्री हलकान रहे. कितने लोग तो बिना टिकट ही यात्रा करने को विवश रहे.
‘कम से कम 500 रुपये का भरायें तेल’
500 व 1000 रुपये की बंदी के बाद 11 नवंबर तक पेट्रोल पंप पर पैसे देने की बात कही गयी है. जबकि, बुधवार को 12 बजे तक तो 500 के नोट लेकर तेल मिला, लेकिन दोपहर बाद सभी पैसे का तेल लेने की बात कर्मियो द्वारा कही गयी. बुधवार की शाम होते होते काफी लोगों को 500 एवं 1000 रुपये को लेकर मशक्कत झेलनी पड़ी. लोगों का कहा गया कि कम से कम पांच सौ रुपये का पेट्रोल लें.
