भभुआ सदर : गुरुवार को एसपी हरप्रीत कौर के निर्देश पर परिवहन ओर पुलिस विभाग द्वारा ओवरलोडिंग व बिना रजिस्ट्रेशन के शहर में चल रहे ई-रिक्शा के खिलाफ अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी शाहनवाज अहमद नियाजी के नेतृत्व में शहर के एकता चौक, पटेल चौक व अखलासपुर बस पड़ाव से बिना रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस के शहर भर में दौड़ रहे 45 ई-रिक्शा को पकड़ कर थाने को सौंप दिया गया.
डीटीओ ने बताया कि पहले ही चेतावनी दी गयी थी कि वाहनों का रजिस्ट्रेशन करवा कर रोड पर लायें. अब तक किसी भी ई-रिक्शा संचालक द्वारा रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया. गुरुवार को एनएच टू पर परिवहन विभाग, कुदरा व दुर्गावती पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाते हुए समेकित चेकपोस्ट, कुदरा व दुर्गावती से 50 से अधिक ओवरलोडेड ट्रक पकड़े गये. डीटीओ शाहनवाज अहमद नियाजी ने बताया कि पकड़े गये अधिकतर ट्रकों पर बालू लद हुआ है.
इसके एक ट्रक का सीजर काटा गया है. कई ओवरलोडेड ट्रकों को जब्त किया गया है. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी शनिवार और रविवार को समेकित चेकपोस्ट और दुर्गावती से 125 से अधिक ओवरलोडेड बालू, कोयला व आलू लदे ट्रक को पकड़ते हुए जब्त किया गया था.
