भभुआ नगर : दशहरा व मुहर्रम के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से एक बैठक जिलाधिकारी राजेश्वर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक फोर्स तैनात रहेगी. बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी के बीच आपसी तालमेल और तत्परता आवश्यक है.
डीएम ने आगे कहा कि योजनाएं अच्छी होंगी, तो कार्यक्रम सफल रहेगा व काम अच्छी तरीके से होगा. बैठक में जिले के लगभग 325 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनाती को लेकर एसपी हरप्रीत कौर ने थानावार समीक्षा कर दिशा निर्देश दिया. उन्होंने उपद्रवी पर 107 की कार्रवाई कर उन्हें बोर्ड डाउन करने का आदेश सभी थाना प्रभारी को दिया और थाना के वाहनों में लाउडस्पीकर सेट लगाने एवं भभुआ टाउन, चैनपुर, हाटा, मोहनिया एवं कुदरा प्रखंड के क्रिटिकल स्थलों पर उपयोगिता के आधार पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की आवश्यकता बतायी.
जुलूस में तलवार-भाले पर रहेगा प्रतिबंध : बैठक में एसपी ने मोटरसाइिकल से दुर्गापूजा स्थलों और ताजिया अखाड़ा स्थलों की बराबर पैट्रोलिंग करने का निर्देश दिया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जुलूस में कोई भी व्यक्ति किसी भी हाल में तलवार, भाला आदि लेकर नहीं चल सकता है. इसका उल्लेख दुर्गापूजा और ताजिया के लाइसेंस में अंकित रहेगा.
11 अक्तूबर को नहीं निकलेगा ताजिया जुलूस : बैठक में भभुआ बीडीओ के द्वारा बताया गया कि दशहरा 11 अक्तूबर को है. भभुआ शहर में देर रात तक भीड़-भाड़ रहती है. उन्हें मुहर्रम अखाड़ा समितियों के खलिफा ने बताया कि 11 अक्तूबर को ताजिया जुलूस नहीं निकालने का निर्णय लिया है.
मुहर्रम 12 अक्तूबर को है. एसपी ने बताया कि त्वरित कार्य दल की दो टीम मोहनिया और भभुआ डीएसपी के साथ, चैनपुर प्रखंड के लिए एक क्यूआरटी डीएम व एसपी के साथ रहेगी. एक टीम पुलिस में रहेगी जो क्यूआरटी किसी भी आपात स्थिति से निबटेगी.
