गांधी जयंती. देश भर में चली सफाईगिरी पर नप अधिकारी रहे शांत
भभुआ सदर : एक तरफ दो अक्टूबर गांधी जयंती पर जहां सारा देश साफ-सफाई और स्वच्छता का अलख जगाने में लगा है. यहां तक कि जिले के आलाधिकारी भी इस दिन सुबह से इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागी बन रहे थे. दूसरी तरफ नगर पर्षद के अधिकारी, कर्मचारी रविवार को आराम तलबी की अपनी आदत के चलते इस अभियान से पूरी तरह अलग रहे. नतीजा सारे शहर में कूड़ा और गंदगी का अंबार लगा रहा. विडंबना यह रही कि शहर में चारों तरफ फैली गंदगी और दुर्गंध के बीच ही स्वच्छता व साफ-सफाई के नारे गूंजते रहे. लेकिन, नगर पर्षद के किसी अधिकारी के कानों तक भी शायद यह नारा नहीं पहुंच सकी.
गौरतलब है कि रविवार को शहर की साफ-सफाई छोड़ अधिकारी व कर्मी आराम फरमाते हैं. नगर पर्षद के कर्मियों द्वारा साफ-सफाई नहीं किये जाने के चलते शहर के एकता चौक, सब्जी मंडी, देवीजी रोड, पुराना चौक, पश्चिम बाजार, जेपी चौक सहित शहर के तमाम मुहल्लों व वार्डों में गंदगी का आलम पसरा रहा.
शहर के कुछ मानिंद लोगों का कहना था कि देश भर में पिछले दो साल से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है. लेकिन, शहर की स्थिति देख नहीं लगता कि यहां कुछ भी इस अभियान का असर पड़ा हो. उनका तो यहां तक कहना था कि नप के अधिकारी जिले के शीर्ष अधिकारियों को दिखाने के लिए शहर के समाहरणालय से लेकर एकता चौक और जेपी चौक तक प्रतिदिन सफाई कराती है. लेकिन, मुहल्लों और वार्डों में जाने पर नजर आता है कि शहर की स्थिति कितनी नारकीय है.
वैसे रविवार गांधी जयंती के दिन चले साफ-सफाई और स्वच्छता अभियान में प्राय: सभी दल भी जोर-शोर से हाथों में झाड़ू और फावड़े लेकर शहर में नारे लगाते निकले लेकिन इन लोगों द्वारा भी लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता फैलाने की जगह महज खानापूर्ति करके महत्वपूर्ण और लोगों से जुड़े इस अभियान को समाप्त कर दिया गया.
आरामतलबी में स्वच्छता अभियान को भूल गयी नगर पर्षद
स्वच्छता अभियान में खानापूर्ति हो रही है. शहर में वैसे भी साफ-सफाई का बुरा हाल है. नप द्वारा शहर में साफ-सफाई को ले गंभीरता नहीं बरती जाती.
मो. शाहरूख
चौक-चौराहों पर कूड़े का अंबार रहता है. एकता चौक के समीप भी कूड़े का ढेर नजर आता है. स्वच्छता अभियान को नप प्रशासन मुंह चिढ़ा रहा है. गांधी जयंती पर भी सफाई नहीं की गयी़
रविशंकर जायसवाल
शहर के इलाकों में पसरी रही गंदगी
एकता चौक, सब्जी मंडी, देवीजी रोड, पुराना चौक, पश्चिम बाजार, जेपी चौक सहित शहर के तमाम मुहल्लों व वार्डों में गंदगी पसरी रही़
क्या कहते हैं नप उपाध्यक्ष
नप उपाध्यक्ष सरफराज गद्दी ने कहा कि दो अक्टूबर को स्वच्छता अभियान को लेकर सफाई अभियान शहर में चलाया जाना चाहिए था, लेकिन रविवार के कारण शहर में सफाई नहीं हो सकी.
