जनप्रतिनिधियों सहित पंचायत, प्रखंड और जिले के पदाधिकारी होंगे आमसभा में शामिल
भभुआ(शहर) : गांधी जयंती पर दो अक्तूबर को प्रदेश द्वारा निर्देशित जिले के सभी पंचायतों में त्रिस्तरीय प्रतिनिधि, विधायक, सांसद व अन्य प्रतिनिधि के साथ पंचायत से जुड़े सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी में जनता के साथ आमसभा कर गांवों के विकास की योजनाओं का चयन किया जायेगा. ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार व पंचायती राज विभाग के निर्देश पर पंचायत के विकास की योजनाओं को लेकर आमसभा होगी. योजनाओं को 2016- 17 में ही पूरा करना है.
इन योजनाओं का हाेगा चयन
आमसभा के माध्यम से पंचायतों के विकास के लिये मनरेगा से संबंधित योजना, महिला किसान सशक्तिकरण की योजना, निजी जमीन पर तालाब खोदने की योजना, गरीबी उन्मूलन की योजना व पंचायत को स्वच्छ व निर्मल बनाने संबंधी योजना का चयन किया जा सकता है. इसमें ग्रामीणों की सहभािगता रहेगी़
कहां होगी आमसभा
पंचायतों में होनेवाली आमसभा को पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन या किसी सार्वजनिक स्थल पर करनी है, ताकि पंचायत की जनता आसानी से आमसभा में पहुंच सके. पंचायत के विकास में जनता की भागीदारी सुनिश्चित होगी. कार्रवाई की वीडियोग्राफी की जायेगी. आमसभा पारदर्शी होगी.
बोले पदाधिकारी
आमसभा में योजनाओं के चयन को लेकर पूरी पारदर्शिता बरती जायेगी. इस संबंध में प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं. योजनाओं के चयन में किसी भी प्रकार की लापारवाही होने पर कारवाई की जायेगी.
रविंद्र कुमार, डीआरडीए निदेशक
