खुद के पिकअप में पाया गया मृत
भभुआ(सदर) : बुधवार को शहर के पूरब पोखरा बस स्टैंड में एक पिकअप चालक की संदिग्धावस्था में मौत हो गयी. वह सोनहन थाना के कुकुराढ़ गांव के नंदू साह का पुत्र भीम प्रसाद गुप्ता बताया जाता है.
वह अपनी पिकअप खुद चलाता था. बुधवार को भी सुबह 11 बजे पिकअप लेकर गांव से पूरब पोखरा स्टैंड आया हुआ था लेकिन, स्टैंड में आने के आधे घंटे बाद ही उसके गांव के पप्पू ने उसे स्टेयरिंग पर लुढ़का देखा तो उसके पास पहुंचा. उसने देखा कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था. तब लोग उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आये लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर उसकी पत्नी और परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. सभी का रो-रो कर बुरा हाल था.
