60 साल से अनवरत हो रही है पूजा
जायसवाल परिवार रहता है उत्साहित
भभुआ शहर. दुर्गापूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. शहर में कहीं पंडाल लगाये जा रहे हैं, तो कहीं मूर्ति कलाकारों द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है. शहर की दुर्गा पूजा समितियां मूर्ति और पंडाल को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं. एक-दूसरे में सबसे ज्यादा आकर्षक बनाने की होड़ मची हुई है. सभी का एक ही प्रयास है कि मेरी मूर्ति व पंडाल आकर्षक हो.
शहर की पूजा समितियाें में पुरानी पूजा समिति जो जायसवाल पूजा समिति के नाम से जानी जाती है, उसके अध्यक्ष मंटू जायसवाल बताते हैं कि मां दुर्गा की पूजा शहर में कहीं-कहीं होती थी, उस समय मेरे पिताजी मुरली प्रसाद जायसवाल अपने चारों भाइयों एवं मुहल्लेवालों के सहयोग से लगभग 60 वर्ष पूर्व उक्त स्थान पर मूर्ति की स्थापना की थी.
तब से आज तक जायसवाल पूजा समिति अनवरत मूर्ति स्थापना करती आ रही है.आकर्षक होगी प्रतिमा : जायसवाल पूजा समिति द्वारा मुहल्ले के लोगों व आमजनों के सहयोग से दशहरे में होनेवाली प्रतिमा की स्थापना को लेकर काफी गंभीर रहती है. इस बार समिति के निर्णय पर मां की प्रतिमा सुनहरे रंग की बनायी जा रही है.
इस मूर्ति को बनाने में कलाकार से लेकर समिति के सदस्य लगे हैं. जायसवाल पूजा समिति ने मूर्ति बनाने के लिए रोहतास जिले के तिलौथु से शशि प्रजापति को बुलाया है. डीजे बजाने पर रोक के संबंध में जायसवाल पूजा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि प्रशासन द्वारा डीजे पर रोक लगायी गयी है, तो पूजा समिति द्वारा धीमी आवाज गाने बजाये जायेंगे.
