भभुआ (सदर) : सड़क किनारे खेल रहे एक 10 वर्षीय बच्चा बाइक मंगलवार की शाम के धक्के से गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, चैनपुर के भुआलपुर गांव के दूधनाथ विंद का बेटा धर्मदेव गांव के अन्य बच्चों के साथ भुआलपुर-बिड्डी रोड के पास खेल रहा था. इसी दौरान एक बाइक सवार अनियंत्रित होते हुए बच्चे के पैर पर चढ़ाते हुए भाग निकला. बाइक के धक्के से बच्चे का दाहिना पैर टूट गया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया. परिजनों द्वारा देर शाम बच्चे को इलाज के लिए चैनपुर पीएचसी लाया गया, जहां बच्चे को गंभीर हालत में सदर अस्पताल भेजा गया.
सदर अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा भी बच्चे को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल से रेफर किये जाने के कई घंटों बाद तक घायल बच्चे को वाराणसी ले जाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराया जा सका. परिजनों के बार-बार एंबुलेंस के लिए फोन किये जाने के बावजूद गोल-मोल जवाब दिया जाता रहा. वाराणसी ले जाने के लिए परिजन अस्पताल में इधर से उधर दौड़ लगाते रहे. लेकिन उन्हें कहीं भी एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं मिल सकी. तब तक बच्चा स्ट्रेचर पर ही अस्पताल परिसर में पड़ा रहा.
