प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधिक शराब के सेवन से हुई है वृद्ध की मौत
भभुआ (सदर) : शनिवार को 11 बजे दिन में भभुआ-मोहनिया रोड स्थित पीएनबी के समीप सड़क पर बीचोंबीच बने डिवाइडर पर एक 60 वर्षीय वृद्ध मृत पाया गया. मृत वृद्ध अखलासपुर पटिया निवासी बनारसी पासी बताया जा रहा है, जो उक्त स्थान पर स्थित होटल में नौकरी करता था. वृद्ध की डिवाइडर पर सोये-सोये मृत हो जाने की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गयी. सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा वृद्ध के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया.
प्रत्यक्षदर्शी राकेश के अनुसार, मृत वृद्ध के परिजन बनारस नौबतपुर में रहते हैं, जबकि वृद्ध अखलासपुर पटिया स्थित अपने भाई के साथ रहते हुए होटल पर नौकरी करता था. उसने बताया कि आज सुबह अनमना रहने पर उसके द्वारा वृद्ध को नहाने के लिए कहते हुए भेजा गया था लेकिन अत्यधिक शराब के सेवन से अस्वस्थता के चलते वह सड़क के बीच बने डिवाइडर पर सो गया, जिसके बाद वह सदैव के लिए सोया ही रह गया.
