Kaimur News: कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड को पूरी तरह खुले में शौच से मुक्त (ODF) बनाने की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज कर दी गई है. लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत प्रखंड के सभी महादलित टोलों में शौचालय निर्माण को लेकर गुरुवार को बेलांव पंचायत सरकार भवन में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता रामपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ऋतुरंजन कुमार ने की, जबकि संचालन स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक नरेंद्र कुमार ने किया.
जीविका को मिली निर्माण की कमान, ₹10 हजार मिलेगा लोन
बैठक में निर्णय लिया गया कि रामपुर प्रखंड की सभी पंचायतों के महादलित टोलों में शौचालय निर्माण कराने की मुख्य जिम्मेदारी जीविका (Jeevika) को सौंपी गई है. इस विशेष अभियान के तहत पूरे प्रखंड में कुल 200 शौचालय निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
जिला समन्वयक नरेंद्र कुमार ने बताया कि महादलित बस्ती की जीविका दीदियों को शौचालय निर्माण शुरू करने के लिए जीविका के माध्यम से ₹10,000 का ऋण (लोन) उपलब्ध कराया जाएगा. इसी राशि से दीदियां अपने-अपने घरों में एक माह के भीतर शौचालय का निर्माण पूरा कराएंगी.
सत्यापन के बाद मिलेगा ₹12 हजार का सरकारी अनुदान
बीडीओ ऋतुरंजन कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. शौचालय निर्माण की निगरानी की जिम्मेदारी स्वच्छता पर्यवेक्षकों, जीविका के कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर (CC) और कम्युनिटी मोबिलाइजर (CM) को सौंपी गई है.
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्वच्छता विभाग द्वारा सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद लाभुक दीदियों के खाते में सरकार द्वारा निर्धारित ₹12,000 की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी. इस राशि से दीदियां जीविका का लोन चुकता कर सकेंगी और उन्हें मुफ़्त में शौचालय की सुविधा भी प्राप्त हो जाएगी.
बंद पड़े कचरा ई-रिक्शा की मरम्मत का आदेश
बैठक के दौरान बीडीओ ने स्वच्छता प्रबंधन की समीक्षा करते हुए पंचायतों में खराब पड़े कचरा ई-रिक्शों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश सभी पंचायत सचिवों को दिया. उन्होंने कहा कि कचरा उठाव कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस बैठक में जीविका बीपीएम, रामपुर स्वच्छता समन्वयक आलोक कुमार, सभी स्वच्छता पर्यवेक्षक, जीविका सीसी व सीएम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे.
