नवाबी मुहल्ले में युवक ने महिला पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला

भभुआ सदर : पहले के जमीन विवाद में बुधवार को शहर के वार्ड 22 स्थित नवाबी मुहल्ला में एक युवक ने महिला पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करते हुए उसे बुरी तरह से घायल कर दिया. मारपीट व चाकू मारे जाने से घायल हुई महिला नवाबी मुहल्ला निवासी आफताब अंसारी की 35 वर्षीय पत्नी नजमा […]

भभुआ सदर : पहले के जमीन विवाद में बुधवार को शहर के वार्ड 22 स्थित नवाबी मुहल्ला में एक युवक ने महिला पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला करते हुए उसे बुरी तरह से घायल कर दिया. मारपीट व चाकू मारे जाने से घायल हुई महिला नवाबी मुहल्ला निवासी आफताब अंसारी की 35 वर्षीय पत्नी नजमा बीबी बतायी जाती है.

उसे गंभीर हालत में मुहल्ले के ही कुछ लोगों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है. महिला का इलाज कर रहे डॉक्टर डॉ विनोद कुमार सिंह के अनुसार, महिला के दाहिने तरफ पेट और गर्दन व पीठ पर चाकू लगने के जख्म है.
इस मामले में घायल हुई महिला ने सदर अस्पताल में पहुंचे पुलिस अधिकारी को फर्द बयान दर्ज कराया. बयान में बताया है कि वह बुधवार को चेनारी की रहनेवाली अपनी बहन के साथ भभुआ नवाबी मुहल्ला स्थित घर से कुछ सामान निकालने आयी हुई थी.
बहन और उसके बेटे के साथ सामान लेकर निकल ही रही थी कि तभी पहले से चल रहे जमीन के झगड़े पर उसे मुहल्ले के ही रिंकू अंसारी, सरवर अंसारी, भग्गू अंसारी, जहांगीर अंसारी आदि द्वारा घेर लिया गया और अकस्मात सभी उसे लाठी-डंडे से मारने लगे.
इसी दौरान भग्गू अंसारी ने उसे पकड़ लिया और साथ लाये चाकू से उस पर ताबड़तोड़ हमला करने लगा. चाकू मारे जाने से जब वह बेसुध होकर गिर पड़ी, तो सभी आरोपित वहां से भाग गये. इसके बाद वह अपनी बहन की सहायता से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची, जहां उसका इलाज किया गया.
मारपीट के भय से रहती है सासाराम
सदर अस्पताल में चाकुओं के हमले में घायल महिला नजमा ने बताया कि उसके पति विदेश कतर में रहते है. भभुआ स्थित नवाबी मुहल्ला में उसका ससुराल है. लेकिन, यहां अक्सर जमीन को लेकर उसके पति के पट्टीदारों से मारपीट व झगड़ा होते रहने से वह भयवश भभुआ छोड़ सासाराम में अपने बच्चों के साथ रहती है.
कहा कि वह इसी झगड़े झंझट के डर से काफी दिन बाद भभुआ आयी थी. लेकिन, आने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गयी और उसे दौड़ा-दौड़ा कर चाकुओं से मारा गया.
पहले भी महिला की कर चुके हैं पिटाई
चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल महिला को पिछले वर्ष 10 जनवरी को भी इन्हीं आरोपितों द्वारा घर मे घुस कर बुरी तरह से मारा-पीटा गया था और महिला के भाई साजिद अंसारी और बेटा फहद अंसारी के साथ मारपीट करते हुए उन पर भी जानलेवा हमला किया गया था.
आरोपित रिंकू, अफरोज और जहांगीर अंसारी ने महिला की सास मुन्नी बेगम को कोर्ट में गवाही देने से मना करने वरना अंजाम भुगतने का धमकी दी थी. महिला इन्हीं कारणों से पति के अक्सर विदेश में रहने के चलते भयवश भभुआ छोड़ कर सासाराम में रहने लगी थी.
महिला के बयान पर पुलिस कर रही है कार्रवाई
इस मामले में भभुआ थानाध्यक्ष सत्येंद्र राम ने बताया कि महिला का फर्द बयान लिया गया है. परिवार के बीच जमीन से जुड़ा मामला है. मामले की जांच सहित आरोपितों की तलाश की जा रही है. जल्द ही इस मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >