साढ़े चार किलोमीटर रोड को ग्रामीण कार्य विभाग पथ निर्माण विभाग को करेगा हस्तांतरित
भभुआ कार्यालय : सासाराम से एनएच दो होते हुए कैमूर का जिला मुख्यालय भभुआ आने के लिए एक और बाइपास सड़क एनएच दो से भभुआ तक के लिए बनाया जायेगा. उक्त बाइपास सड़क पुसौली से सोराडीह, रामपुर, डिहरा होते हुए बारे तक बनेगी. भभुआ-मोहनिया में बारे के पास से उक्त् सड़क निकल कर डिहरा-रामपुर होते हुए दुर्गावती नदी पार कर पुसौली में एनएच दो से जाकर मिलेगी. उक्त सड़क के बनने से सासाराम की तरफ से आनेवाले लोगों को जिला मुख्यालय भभुआ आने के लिए एक और वैकल्पिक सड़क मिल जायेगा. इसके साथ ही भभुआ से सासाराम की तरफ जाने के लिए एनएच दो से जोड़नेवाली कुदरा, सोनहन, भभुआ व मोहनिया-भभुआ पथ पर भी वाहनों का भीड़ कम हो जायेगा. उक्त सड़क के चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के लिए पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को डीएम ने पत्र भेज दिया है.
दरअसल, भभुआ-मोहनिया रोड पर स्थित बारे से डिहरा होते हुए सोनहन तक साढ़े पांच मीटर चौड़ी पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क बनी हुई है. उक्त सड़क पर बारे से 10 किलोमीटर की दूरी पर सारोडीह, रामपुर होते हुए ग्रामीण कार्य विभाग की एक सड़क पुसौली तक गयी है, जो 4.2 किलोमीटर लंबी है और पौने चार मीटर चौड़ी है. पिछले वर्ष पुसौली के पास दुर्गावती नदी पर पुल बना दिये जाने से वह सड़क एनएच से पुसौली के पास जाकर मिल गयी है. इसके बाद पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने डीएम को फिजिबिल्टी रिपोर्ट के साथ यह प्रस्ताव भेजा है कि बारे, डिहरा, सोनहन पथ पर पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत है.
इसके चौड़ीकरण व निर्माण का कार्य चल रहा है. अगर उक्त सड़क से निकलनेवाली सारोडिह रामपुर पथ जो ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत है. उसे पथ निर्माण विभाग को सौंप दिया जाता है, तो पथ निर्माण विभाग द्वारा उक्त सड़क का चौड़ीकरण व निर्माण करा कर सासाराम से भभुआ आनेवाले लोगों को एक और वैकल्पिक बाइपास रोड दिया जा सकता है. इससे भभुआ आनेवाले लोग मोहनिया जाम से भी बच जायेंगे. वहीं, भभुआ-मोहनिया व भभुआ-कुदरा रोड पर वाहनों का दबाव भी कम हो जायेगा.
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा दिये गये रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को उक्त बाइपास में पड़नेवाले साढ़े चार किलोमीटर सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कराने व उक्त सड़क को भभुआ जिला मुख्यालय से एनएच दो को जोड़नेवाली एक और बाइपास सड़क बनाने की दिशा में कार्रवाई करने के लिए पत्र भेज दिया है.
डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी ने बताया कि उक्त सड़क को लेकर पथ निर्माण विभाग में मेरे द्वारा व्यक्तिगत तौर पर भी बात की गयी है. मेरी इच्छा है कि जल्द से जल्द उक्त बाइपास सड़क का निर्माण हो जाये ताकि भभुआ के लोगों को एनएच दो से जोड़नेवाली एक और बाइपास सड़क मिल जाये.
