भभुआ सदर : मंगलवार को नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी अनुभूति श्रीवास्तव ने 2019 लोकसभा चुनाव से पूर्व शुरू हुए मतदाता सूची सुधार को लेकर शहर के सभी बीएलओ के साथ नप के सभागार में बैठक की और एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवक-युवतियों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिये. इसके साथ ही उन्होंने बीएलओ से डोर टू डोर जाकर मतदाता सूची में सुधार के निर्देश दिये. बैठक में नप कर्मी उज्ज्वल कुमार, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य लोग व कर्मी मौजूद थे.
नप ईओ अनुभूति श्रीवास्तव ने बताया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत वोटर लिस्ट में नाम शामिल करने के लिए 31 अक्तूबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय, बीएलओ या संबंधित अधिकारी के पास कर आवेदन किया जा सकता है. 11 से 18 अक्तूबर तक स्थानीय निकायों पर सूची का प्रकाशन होगा. 14 से 21 अक्तूबर तक राजनीतिक दलों के साथ दावा आपत्ति को लेकर बैठक होगी. इसी तरह 30 नवंबर तक सभी दावों का निष्पादन कर लिया जायेगा और 10 जनवरी को अंतिम रूप से सूची का प्रकाशन कर दिया जायेगा. उनका कहना था कि फिलहाल मतदाता सूची के अद्यतन का यह अभियान 15 मई से 30 जून तक चलाया जायेगा.
