स्कूल में नहीं मिली एमडीएम की पंजी, प्रधान शिक्षक ने कहा घर पर है
रसोईघर से पता चला कई माह से स्कूल में नहीं बन रहा है एमडीएम
अधौरा : प्रखंड के पांच स्कूलों का बीईओ केसरी सुधीर ने जांच की. इन सभी स्कूलों में एक या दो शिक्षक अनुपस्थित पाये गये. वहीं, एमडीएम की पंजी स्कूल में नहीं रखी जा रही है. एमडीएम की पंजी को प्रधान शिक्षक के घर पर रखा जा रहा है, ताकि घालमेल किया जा सके. वहीं, जांच के दौरान रसोई घर को देखने से पता चलता है कि कई माह से एमडीएम ही उक्त विद्यालय में नहीं बन रहा है. बीईओ ने बताया कि जब 6:50 बजे प्रावि झड़पा में पहुंचे, तो शिक्षक प्रभुनारायण सिंह सात मई से ही अनुपस्थित पाये गये.
वहीं, उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुइभोर में 7:25 में पहुंचने पर अरुण कुमार चंद्रवंशी, जो नियमित हैं, तीन मई से अनुपस्थित पाये गये. न्यू प्रावि गोइया में 7:50 बजे पहुंचने पर किरन कुमारी पंचायत शिक्षक नौ मई से गायब पायी गयी. प्रावि खोंधहर में 8:35 बजे पहुंचने पर शिक्षिका पुनम कुमारी चार मई से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पायी गयी. शिक्षक मनोज कुमार छह मई से, शिक्षिका सरोज कुमारी नौ मई से अनुपस्थित पाये गये. साथ ही जांच के दौरान छात्रों की उपस्थिति दर्ज नहीं की गयी थी.वहीं, स्कूल में मध्याह्न भोजन पंजी ही नहीं थी. स्कूल के प्रधान शिक्षक द्वारा अपने घर पर एमडीएम की पंजी रखी गयी थी. दो रसोइया है, दोनों गायब पायी गयी.
रसोई घर से देखने से पता चलता है कि कई माह से स्कूल में एमडीएम ही नहीं बन रहा है. इस स्कूल के छात्र राहुल कुमारी, मुकेश कुमार ने बताया कि शिक्षिका पूनम कुमारी व शिक्षक मनोज कुमार को हमलोग नहीं पहचानते हैं. 9:45 बजे बीईओ की जांच के दौरान मवि लोहरा पहुंचने पर शिक्षिका सोनी कुमारी तीन मई से ही गायब पायी गयी. इस जांच से तो साफ पता चलता है कि अधौरा प्रखंड के पहाड़ी इलाके के विद्यालय में शिक्षक ही गायब रह रहे हैं, तो बच्चे इस स्थिति में कैसे शिक्षित होंगे. शिक्षक व शिक्षिका अपने कर्त्तव्य के प्रति संवेदनशील नहीं दिखे रहे हैं.
क्या कहते हैं अधिकारी
इस संबंध में बीईओ केसरी सुधीर ने बताया कि जांच का प्रतिवेदन डीईओ को भेजा जायेगा. गैरहाजिर शिक्षक व शिक्षिका से शो कॉज किया जायेगा. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
