चैनपुर की ओर जानेवाले वाहनों के लिए सुअरा नदी के पास बनेगा बस पड़ाव

भभुआ : भभुआ शहर में जाम न लगे इसके लिए शहर के चारों तरफ बाहर में बस पड़ाव बनाने की योजना 2014 में तत्कालीन डीएम अरविंद कुमार सिंह ने बनायी थी. मोहनिया के तरफ से आने जानेवाले सवारी वाहनों के लिए अखलासपुर में बस पड़ाव पहले से निर्मित है. लेकिन, कुदरा, बेलांव के तरफ से […]

भभुआ : भभुआ शहर में जाम न लगे इसके लिए शहर के चारों तरफ बाहर में बस पड़ाव बनाने की योजना 2014 में तत्कालीन डीएम अरविंद कुमार सिंह ने बनायी थी. मोहनिया के तरफ से आने जानेवाले सवारी वाहनों के लिए अखलासपुर में बस पड़ाव पहले से निर्मित है. लेकिन, कुदरा, बेलांव के तरफ से आनेवाले सवारी वाहन पूरब पोखर से आगे सड़क पर लगते थे. वहीं, चैनपुर व चांद से आने जानेवाले वाहन बस पड़ाव के अभाव में बिजली ऑफिस के सामने सड़क पर ही लगाये जाते हैं.
इसी तरह से अधौरा व भगवानपुर के तरफ से आनेवाले सवारी वाहन वन विभाग के सामने रणविजय चौक के पास लगाये जाते हैं. बाद में कुदरा बेलांव के लिए शहर के पूरब बाइपास के बगल में बस पड़ाव बन जाने के बाद लगनेवाले जाम से लोगों को निजात मिल गया. लेकिन, चैनपुर व चांद जानेवाले रोड पर पटेल चौक से आगे व भगवानपुर जानेवाले रोड रणविजय चौक पर अक्सर जाम की स्थिति को देख तत्कालीन डीएम अरविंद कुमार सिंह ने चैनपुर, चांद के तरफ जानेवाले वाहनों के लिए सुअरा नदी से पश्चिम सारनपुर मोड़ के पास बस पड़ाव बनाने का प्रस्ताव दिया था. वहीं, भगवानपुर व अधौरा के वाहनों के लिए टेलीफोन एक्सचेंज के आगे बस पड़ाव बनाने का निर्णय लिया गया था. लेकिन, उक्त योजना उनके जाने के बाद जमीन पर नहीं उतर सकी.
धीरे-धीरे चैनपुर व चांद के तरफ जानेवाले रोड पर पटेल चौक से लेकर सुअरा नदी पुल तक हालात इस कदर बिगड़ गये कि जाम के कारण महज एक किलोमीटर की दूरी पटेल चौक से सुअरा नदी पुल तक तय करने में लोगों को 10 से 15 मिनट तक का समय लग जाता है. शहर के लोग जाम के कारण उस रोड पर जाने से कतराते हैं. उक्त जाम का मुख्य कारण बिजली ऑफिस के सामने सड़क पर लगनेवाले सवारी वाहन हैं. चैनपुर व चांद के तरफ जानेवाले सवारी वाहन बिजली ऑफिस के सामने आधी सड़क पर अपना कब्जा जमा लेते हैं. इसके कारण वहां सिंगल लेन हो जाता है. इससे दोनों तरफ जाम लग जाता है. प्रशासनिक अधिकारियों का भी जाम को लेकर पटेल चौक से पश्चिम तरफ कोई ध्यान नहीं रहता है. ट्रैफिक के अधिकारी हो या फिर नगर पर्षद के अधिकारी व कर्मी वे जयप्रकाश चौक से एकता चौक के आसपास तक लगनेवाले जाम पर अपना ध्यान केंद्रित रखते हैं. इस वजह से पटेल चौक से पश्चिम चैनपुर रोड पर लगनेवाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिलता है.
पटेल चौक से पश्चिम लगनेवाले जाम व प्रस्तावित सुअरा नदी के पास बननेवाले बस पड़ाव को लेकर जब नये डीएम डॉ नवल किशोर चौधरी से बात की गयी, तो उन्होंने कहा कि जाम को लेकर मैं स्वयं गंभीर हूं और इसे लेकर मैं बहुत जल्द नगर पर्षद व संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर एक योजना तैयार करूंगा, ताकि शहरवासियों को जाम से निजात मिल सके. वहीं, सुअरा नदी के पास अगर सरकारी जमीन उपलब्ध है और वहां बस पड़ाव बनाये जाने की योजना पूर्व में तैयार की गयी थी, तो वहां बस पड़ाव तैयार करा बिजली ऑफिस के आसपास सड़क पर खड़े होनेवाले सवारी वाहनों को शिफ्ट कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >