अमरपुर गांव की गिरिजा कुंवर ने भभुआ के एससी-एसटी थाने में एसडीओ पर कार्रवाई के लिए दिया आवेदन
भभुआ सदर : शनिवार को एससी-एसटी थाने में एक महिला ने मोहनिया एसडीओ पर गाली गलौज करने व बेटों को झूठे आरोप में फंसाने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है.
एससी-एसटी थाने में दिये आवेदन में मोहनिया के अमरपुर गांव की रहनेवाली गिरिजा कुंवर, पति स्व राजपति राम ने बताया है कि एसडीओ मोहनिया के बुलावे पर वह अपने बेटे व गांव के अन्य लोगों के साथ 23 तारीख को दोपहर डेढ़ बजे उनके कार्यालय पहुंचे. अनुमंडल कार्यालय में ही विभिन्न आरोपों में घिरे डीलर प्रेमचंद्र गुप्ता भी मौजूद थे.
इस बीच अचानक एसडीओ उस पर व उसके बेटे परमहंस राम पर बिगड़ उठे और जाति सूचक शब्दों व गाली-गलौज का प्रयोग करते वहां से भगा दिया. इस दौरान वहां मौजूद डीलर प्रेमचंद्र गुप्ता, लल्ली तिवारी व मनु गुप्ता, जो डीलर प्रेमचंद्र गुप्ता का पुत्र है, सभी एकजुट होकर उसके व उसके बेटे के साथ गाली-गलौज करने लगे. साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी. बेटे परमहंस राम को को पुलिस पकड़वा दिया गया.
थाना प्रभारी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि एसडीओ के कहने पर उसे पकड़ा गया है. इस मामले में मोहनिया एसडीओ शिव कुमार राउत का कहना था कि महिला द्वारा लगाये गये सारे आरोप बेबुनियाद हैं. गांव के डीलर के खिलाफ जांच चल रही थी. इसके लिए वहां के लोगों को बुलाया गया था. महिला द्वारा मनगढ़ंत आरोप लगाया जा रहा है.
