डीएम व एसपी करेंगे हैंडबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन
भभुआ सदर : कला, संस्कृति व युवा विभाग सह बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में मंगलवार से कैमूर के जगजीवन स्टेडियम में राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत होगी. इस प्रतियोगिता में राज्य के पटना सहित 21 जिलों के अंडर 14, 17 व 19 आयु वर्ग के महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे.
जिला प्रशासन के सहयोग से मंगलवार से होनेवाली प्रतियोगिता की लगभग सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. हालांकि, मैच सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हो जायेंगे.
लेकिन, इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह व एसपी हरप्रीत कौर द्वारा दोपहर बाद किया जायेगा. जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सभी मैच जगजीवन स्टेडियम में खेले जायेंगे और एक दिन में तीन से अधिक मैच आयोजित होंगे. कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सभी खेल पदाधिकारियों व शारिरिक शिक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं.
बाहर से आनेवाली सभी टीमों में से बालिका वर्ग की टीमों का आवासन व प्रबंधन हवाई अड्डा के समीप स्थित आशीर्वाद पैलेस में किया गया है. जबकि, बालक वर्ग के सभी टीमों का आवासन व प्रबंधन सरदार वल्लभ भाई पटेल कॉलेज में किया गया हैं. हालांकि, इस जिले में हैंडबॉल नहीं खेला जाता. लेकिन, इस खेल को प्रमोट करने के लिए कैमूर को चुना गया है.
इन जिलों की टीमें लेंगी प्रतियोगिता में भाग
पटना, भोजपुर, भागलपुर, बेगूसराय, रोहतास, दरभंगा, पूर्णिया, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, शेखपुरा, वैशाली, सीवान, सारण, नवादा, नालंदा, मधुबनी, मुंगेर, जहानाबाद, गया, बांका, बक्सर
क्या है हैंडबॉल
हैंडबॉल एक टीम खेल है, जिसमें सात खिलाड़ियों की दो टीमें आपस में खेलती है. खिलाड़ियों का उद्देश्य विरोधी टीम के गोल में बॉल फेंकना होता है. सात खिलाड़ियों में छह आपस में बॉल एक-दूसरे को फेंकते हुए विरोधी टीम की गोल की तरफ बढ़ते हैं.
जबकि, बचा हुआ दोनों टीमों का एकमात्र खिलाड़ी गोलकीपर या गोलरक्षक की भूमिका अदा करता है. हैंडबॉल का मैच लगभग 30 मिनट की दो अवधी में बंटा होता है. हालांकि, आधुनिक हैंडबॉल आमतौर पर इंडोर स्टेडियम में खेला जाता है. लेकिन, कैमूर में यह प्रतियोगिता जगजीवन स्टेडियम के खुले मैदान में खेला जायेगा.
