कर्मनाशा : दुर्गावती थानाक्षेत्र के खामीदौरा गांव में रविवार की सुबह 11 हजार का बिजली तार खींचने के दौरान एक बिजली मिस्त्री करेंट की चपेट में आ गया. करेंट लगने के बाद उसके अन्य साथियों ने आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जाता है कि गया जिले के कोच के सीताबिगहा के रामाश्रय यादव (30)रविवार की सुबह अपने अन्य साथियों के साथ बिजली का तार खींचने खमीदौरा गांव पहुंचे थे. मिस्त्री व मजदूरों को एक कंपनी के ठेकेदार डीके यादव वहां ले गये थे. ठेकेदार के अनुसार, काम से पहले ही पावर हाउस (दुर्गावती) में फोन करके आधे घंटे के लिए बिजली को शटडाउन करने को कहा था. लेकिन, 15 मिनट में ही पावरहाउस से सप्लाई दे दी गयी और मिस्त्री करंट की चपेट में आ गया.
हालांकि, कुछ ही देर में किसी तरह लाईट अपने आप कट गयी. आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल की ओर निकले, पर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया और अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर थोड़ी ही देर में दुर्गावती पुलिस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची व आगे की कार्रवाई में जुट गयी व शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इस मामले में साथ में काम कर रहे मृतक के भाई राम विनय यादव ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बिजली का काम कराने के लिए खमिदौरा गांव ले जाया गया था और वहां पर ठेकेदार द्वारा शटडाउन लेकर बिजली का कार्य कराया जा रहा था. ठेकेदार द्वारा शटडाउन आधे घंटे के लिए लिया गया था. लेकिन, 15 मिनट में ही लाईन दे दी गयी. वही कंपनी के सुपरवाइजर विष्णु ने बताया कि कंपनी के काम से मिस्त्री वहां नहीं गये थे, जहां घटना हुई है यहां पर कंपनी का कोई काम नहीं चल रहा था.
किसी निजी व्यक्ति का काम वहां चल रहा था. वहीं, पावर हाउस के ऑपरेटर का कहना है कि शटडाउन नहीं लिया गया था. हालांकि, इस मामले में मृतक के भाई रामविनय यादव ने बिजली विभाग के ऑपरेटर के खिलाफ दुर्गावती थाने में आवेदन दिया है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.
