Hulasganj Shooting : जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात अपराधियों ने रंगनाथपुर चिमनी भट्ठा के समीप बाइक सवार युवक को रोककर गोली मार दी. इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई है. गोली उसके सीने और कंधे में लगी है. अस्पताल में इलाज के दौरान सन्नी कुमार ने बताया कि वह दोस्त को उसके गांव छोड़ने गया था. रविवार की रात वहां से लौटने के क्रम में जैसे ही वह रंगनाथपुर चिमनी भट्ठा के समीप पहुंचा, बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया.
घायल युवक ने बताया : बाइक रोक कर मारी गोली
आरोप है कि बदमाशों ने जबरन उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और उसके साथ उलझने लगे. सन्नी ने बताया कि उसने बदमाशों से कहा कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वह किसी तरह का विवाद नहीं चाहता. इसके बावजूद बदमाश उससे झगड़ा करने पर उतारू हो गए.पीड़ित के अनुसार, इसके बाद बदमाशों ने हथियार निकालकर उस पर चार राउंड फायरिंग कर दी. पहली दो गोलियों से वह किसी तरह बच गया. इसी दौरान तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और तीसरी गोली उसके सीने के बाएं हिस्से में मार दी. जान बचाकर भागने की कोशिश के दौरान चौथी गोली उसकी बांह में जा लगी. गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
स्थानीय लोगों ने घायल को पहुंचाया सदर अस्पताल
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सन्नी कुमार को सदर अस्पताल जहानाबाद पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया. इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि सन्नी कुमार को गनशॉट इंजरी की स्थिति में अस्पताल लाया गया था. जांच के दौरान उसके सीने के बाएं हिस्से और बाएं कंधे पर दो एंट्री वूंड मिले हैं. जख्म के आसपास की त्वचा झुलसी और काली पड़ी हुई है, जो गोली लगने का स्पष्ट संकेत है. शरीर पर कोई एग्जिट वूंड नहीं मिला है. ऐसे में आशंका है कि गोली शरीर के अंदर ही फंसी हुई है. फिलहाल मरीज की हालत स्थिर थी, लेकिन बेहतर इलाज और गोली निकालने के लिए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है.
