जहानाबाद में पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से चार लाख रुपये की साइबर ठगी, लोन लेकर भेजती रही पैसे

जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है. महाबलीपुर गांव की एक महिला को इंस्टाग्राम पर दिखाए गए पूजा-पाठ के सपने ने करीब चार लाख रुपये का चूना लगवा दिया. ठगों ने तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से भारी रकम ऐंठ ली.

Jehanabad cyber fraud: जिले में साइबर जालसाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. ताजा मामला घोसी थाना क्षेत्र के महाबलीपुर गांव का है, जहां एक महिला से पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली गई. पीड़िता ने इस संबंध में साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

महाबलीपुर निवासी सोनी देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह बीते दिनों इंस्टाग्राम देख रही थीं. इसी दौरान उन्हें घर की समस्याओं को दूर करने और परेशानियों से मुक्ति दिलाने का दावा करने वाला एक पोस्ट दिखाई दिया, जिसमें पूजा-विधि की जानकारी के साथ एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था.

पूजा-पाठ के नाम पर शुरू हुई ठगी

पीड़िता ने बताया कि उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद पहले पूजा-पाठ एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर 10 हजार रुपये जमा करने को कहा गया. उन्होंने बताए गए खाते में 10 हजार रुपये भेज दिए.

इसके बाद जालसाजों ने उन्हें बड़ी परेशानी में पड़ने की बात कहकर डरा दिया और झाड़-फूंक तथा तंत्र-मंत्र पूजा कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा कराने लगे. ठगों ने 19 बार में उनसे करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली.

लोन लेकर भेजती रही पैसे

सोनी देवी ने पुलिस को बताया कि जालसाजों ने उन्हें इस कदर डरा दिया था कि उन्होंने जीविका समूह और बंधन बैंक से लोन लेकर भी पैसे जमा किए. वह विभिन्न तिथियों में लगातार रकम भेजती रहीं.

जब पैसे लेने के बाद भी उनकी कथित समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ, तब उन्हें एहसास हुआ कि वह साइबर ठगों के जाल में फंस गई हैं. इसके बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस कर रही मामले की जांच

साइबर थाना पुलिस ने महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगों ने किस खाते में रकम मंगाई और उनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है. साथ ही साइबर अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी जांच भी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >