Jehanabad : बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलजमाव

जिले में गत रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने शहर की हालत नारकीय कर दी है. कई मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर जलजमाव हो गया है, वहीं सड़कें कीचड़ से पट गयी हैं.

जहानाबाद. जिले में गत रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने शहर की हालत नारकीय कर दी है. कई मोहल्लों और मुख्य सड़कों पर जलजमाव हो गया है, वहीं सड़कें कीचड़ से पट गयी हैं. लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है. बुधवार सुबह राजा बाजार स्थित रेल अंडरपास में दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहनों का परिचालन ठप हो गया. नगर परिषद की सक्शन मशीन से पानी निकालने के बाद यातायात बहाल हुआ. शहर के मल्लाहचक मोड़ से एरोड्रम जाने वाली सड़क पर जगह जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा हो गया है. यही हाल उत्तरी दौलतपुर जाने वाली सड़क की भी है. दक्षिणी दौलतपुर जाने वाली सड़क पर कई जगहों पर बने गड्ढों में भी बारिश का पानी जमा हो गया है. शहर के शिवाजी पथ सहित कई सड़कों ���र बारिश के बाद कहीं जल जमाव हो गया है तो कहीं सड़कें कीचड़ से पटी है. शहर में सड़कों पर बारिश के बाद पानी जमा हो जाता है यह बारिश छूटने के घंटों बाद निकल पाता है लेकिन पूरी सड़क कीचड़ से पटी जाती है, फिर बारिश होने पर सड़कों पर दोबारा जल जमा हो जाता है. बरसात के दिन में यह सिलसिला चलता रहता है. मंगलवार की रात से जमकर बारिश हो रही है जिसके बाद शहर के एनएच 22 पर भी कई जगहों पर सड़क किनारे जल जमाव हो गया. जिससे अभी भी लोग परेशान हैं. खासकर पीएनबी और एसबीआई बैंक सहित कई जगहों पर एनएच 22 के किनारे हर बारिश के बाद पानी जमा हो जाता है. इधर सिविल कोर्ट जाने वाली सड़क पर बत्तीस भंवरिया के निकट भी जलजमाव के करण इस ओर से आने जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. राजा बाजार, के दक्षिणी दौलतपुर, सरगणेशदत्त नगर, सत्संग नगर सहित कई मुहल्लों में आने- जाने वाले रास्ते पर कहीं पानी लग रहा है तो कहीं कीचड़। इधर पुरानी बिजली कॉलोनी, मौर्या नगर, माले ऑफिस के निकट, बक्खो टोली, पुराना केला गोदाम और विष्णुगंज की गलियों में जहां-तहां जलजमाव से लोग परेशान हैं. बारिश से नाली का पानी गलियों में फैल गया है। शहर में बाजार की प्रमुख सड़कें कीचड़ से सनी हुई है. सबसे खराब स्थिति सब्जी मंडी की है. इसके अलावा शिवाजी पथ, सटी मोड, मेन रोड, अस्पताल रोड थाना रोड, पीली कोठी से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क और पुरानी अस्पताल रोड भी कीचड़ से पटी है, जिसके कारण लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नगर परिषद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच रस्साकशी और पदाधिकारी की मनमानी के कारण गर्मी में शहर के नालों की उड़ाई नहीं कराई गई. सफाई के नाम पर भी 10 से 15 दिन में नाले के ऊपर ही कचरे को छान दिया जाता है जिससे थोड़ी सी बारिश होने पर भी लोगों को भारी जल जमाव और गंदगी का सामना करना पड़ा है. वर्तमान समय में शहर के ज्यादातर नाले जाम है जिससे होकर आम दिनों भी पानी धीरे धीरे निकलता है. बारिश हो जाने के बाद पानी नाले से गुजरने के बजाए सड़क पर फैल जाता है. मोहल्लों की स्थिति और भी बदतर है. नियमित रूप से नालों की सफाई नहीं होती जिसके कारण परेशानी बढी हुई है. राजा बाजार रेल अंडरपास के पास सड़क पर तो परमानेंट मोटर लगा कर रखा हुआ है जिससे हर बार बारिश के बाद नए रेल अंडरपास और सड़क पर से पानी को निकाला जाता है. ज्यादा बारिश होने पर वार्ड संख्या 9 के माले ऑफिस और बक्खो टोली के पास भी बारिश के बाद पानी जमा हो जाता है जिससे लोगों को भारी परेशानी होती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Mintu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >