Jehanabad News: शहरी क्षेत्र में समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे ही पार्क करने को मजबूर हैं. इससे शहर में जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है. सड़क किनारे वाहनों के अव्यवस्थित ढंग से खड़े होने के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है, बल्कि पैदल यात्रियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. शहर में पार्किंग के लिए चिह्नित स्थानों पर भी कई जगहों पर अवैध कब्जा होने से समस्या और विकराल हो गई है.
सड़क किनारे अवैध ठेला-खोमचा का कब्जा और उसके साथ वाहनों की पार्किंग के कारण शहर की कई सड़कों की चौड़ाई कम हो गई है. इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है. समुचित पार्किंग स्थल नहीं मिलने पर वाहन चालक सड़क को ही पार्किंग स्थल में तब्दील कर रहे हैं.
बाजार करने वाले लोग सड़क किनारे खड़ी कर रहे गाड़ियां
शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश लोग सड़क किनारे या अस्पताल परिसर में ही अपनी गाड़ियां पार्क कर देते हैं. विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों से बाजार करने आने वाले लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर खरीदारी करने चले जाते हैं. ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
हालांकि प्रशासन की ओर से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है. लोग ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क किनारे वाहन खड़े कर बाजार की सैर करते हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है.
प्रशासनिक कार्रवाई का नहीं है डर
सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इससे पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसके बावजूद वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पा रहा है.
हालांकि वर्तमान समय में ट्रैफिक पुलिस द्वारा सड़क किनारे खड़े वाहनों से जुर्माना वसूला जा रहा है और कुछ वाहनों को जब्त भी किया गया है. इसके बाद भी लोग सड़क किनारे वाहन पार्क करने से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसे में शहरवासियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है.
क्या कहते हैं अधिकारी
जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में पार्किंग के लिए जगह को चिह्नित किया जा रहा है. शीघ्र ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था उपलब्ध करा दी जाएगी.
