Jehanabad News : जहानाबाद में ऑनलाइन ठगी के मामले की जांच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की पुलिस गुरुवार को जहानाबाद पहुंची. फतेहपुर निवासी लव कुश कुमार के खाते से 98 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई थी. जांच के दौरान ठगी की रकम कई बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी सामने आयी. इनमें से एक खाता जहानाबाद के भेलावर थाना क्षेत्र के मई मठ निवासी विनीत कुमार का भी बताया गया है.
संदिग्ध खाताधारकों की पहचान में जुटी पुलिस
फतेहपुर थाने में साइबर ठगी का मामला दर्ज है. अनुसंधान के दौरान पुलिस को जिन-जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली है, उनके खाताधारकों की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है. फतेहपुर से पहुंचे पुलिसकर्मी गणेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के क्रम में मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है. इसी सिलसिले में पुलिस टीम जहानाबाद पहुंची है.
दूसरे मामले में वैशाली पुलिस भी पहुंची
फतेहपुर पुलिस टीम ने जहानाबाद में संबंधित लोगों और बैंक खातों से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटायी. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित खाताधारक की साइबर ठगी में क्या भूमिका है. इधर, गुरुवार को एक अन्य मामले की जांच के सिलसिले में वैशाली पुलिस की टीम भी जहानाबाद पहुंची और छानबीन में जुटी रही.
