आपदा से निपटने के गुर सीखेंगे स्कूली बच्चे, रेडक्रॉस के दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

जहानाबाद में रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित दो दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें छात्रों को आपदा से निपटने के गुर सिखाए गए।

Jehanabad News : जहानाबाद में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम का प्रशिक्षणोपरांत समापन हुआ. कार्यक्रम में भारत स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स एवं कायनात इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों को आपदा की स्थिति से निपटने का सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.

बाढ़, भूकंप और आग से बचाव के सिखाए तरीके

सोसायटी के सचिव राजकिशोर प्रसाद के प्रबंधन में आयोजित प्रशिक्षण में प्रशिक्षकों ने बच्चों को बाढ़, भूकंप, आगलगी और पानी में डूब रहे लोगों को बचाने के तरीके बताए. नेशनल डिजास्टर रिस्पांस टीम, राष्ट्रीय मुख्यालय, रेडक्रॉस सोसायटी नई दिल्ली से प्रशिक्षित भारत स्काउट एंड गाइड के जिला आयुक्त हरिशंकर कुमार एवं बिहार स्काउट एंड गाइड, पटना से प्रशिक्षित गौरव कुमार पांडेय ने बच्चों को विभिन्न आपदाओं के दौरान तत्काल बचाव कार्य करने की जानकारी दी.

सड़क हादसे में घायलों की मदद का मिला प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की सहायता करने के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक तरीके बताए गए. बच्चों को स्ट्रेचर तैयार करने और घायल या बेहोश व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्ट्रेचर पर ले जाने का अभ्यास भी कराया गया. प्रशिक्षण के अंतिम चरण में सभी बच्चों की लिखित एवं मौखिक परीक्षा ली गई.

आपदा की स्थिति में तैयार होगा समर्पित बल

समापन समारोह में सोसायटी के सचिव राजकिशोर प्रसाद और कायनात इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक शकील अहमद काकवी ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि बच्चों को आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करने का उद्देश्य उन्हें किसी आपदा की स्थिति में एक समर्पित बल के रूप में तैयार करना है. नियमित अंतराल पर इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे.

जहानाबाद में स्कूली बच्चों के लिए पहला प्रयास

वक्ताओं ने बताया कि जहानाबाद में स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशिक्षण का यह पहला प्रयास है. बच्चों ने उत्साह और समर्पण के साथ प्रशिक्षण लिया. प्रशिक्षकों ने उन्हें आपदा से बचाव के तरीके सिखाने के साथ सेवा भावना के लिए भी प्रेरित किया. कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन सोसायटी के प्रबंध समिति सदस्य रजनीश कुमार ने किया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >