Jehanabad News: जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र के दौलतपुर मढ़िया मुहल्ले में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, मोबाइल फोन और ऑटो की बैटरी चोरी कर ली. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गयी है.
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर मढ़िया निवासी शैलेश कुमार ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि वह रात में अपना ऑटो चलाकर घर लौटे थे. भोजन करने के बाद पूरा परिवार सो गया. शनिवार की सुबह करीब पांच बजे जब उनकी नींद खुली, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला.
इसके बाद उन्होंने घर के अंदर जाकर सामान की जांच की, तो कमरे में रखी नकदी, मोबाइल फोन और सोने की कान की बाली गायब थी. इतना ही नहीं, चोरों ने घर के बाहर खड़े ऑटो से उसकी बैटरी भी खोलकर चुरा ली.
चोरी की घटना से आसपास के लोगों में दहशत
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.
अज्ञात चोरों की पहचान में जुटी पुलिस
पीड़ित के आवेदन के आधार पर जहानाबाद नगर थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है. पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आवश्यक साक्ष्य जुटाये जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जायेगा.
Also Read: जहानाबाद में युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण
