Jehanabad : चौथे दिन भी एसआइटी पहुंची और परिजनों व ड्राइवर से की पूछताछ

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हुई मौत के मामले में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) चौथे दिन भी जहानाबाद में डटी रही.

जहानाबाद/मखदुमपुर. पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हुई मौत के मामले में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) चौथे दिन भी जहानाबाद में डटी रही. इस दौरान जांच टीम ने मखदुमपुर इलाके से एक ड्राइवर को पूछताछ के लिए उठाया. बताया जाता है कि उक्त ड्राइवर की गाड़ी से पीड़िता और उसके परिजन अक्सर आया-जाया करते थे. एसआइटी की टीम ड्राइवर को लेकर कई घंटों तक क्षेत्र में घूमती रही और पूछताछ के बाद उसे जहानाबाद लाया गया. कुछ देर के लिए जांच टीम की गाड़ी नगर थाना के समीप भी रुकी, हालांकि बाद में टीम पुनः मखदुमपुर की ओर रवाना हो गई. पूछताछ के बाद ड्राइवर को छोड़ दिया गया, लेकिन जांच में क्या तथ्य सामने आए, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. इसके बाद एसआईटी की टीम पतिया मां गांव पहुंची, जहां मृत छात्रा के पिता समेत परिजनों से घंटों पूछताछ की गई. टीम करीब पांच घंटे तक गांव में डटी रही और रात करीब नौ बजे वहां से रवाना हुई. जांच टीम में इस कांड की अनुसंधानकर्ता एसडीपीओ अनु कुमारी, परसा थाना अध्यक्ष मेनका रानी सहित दर्जन भर पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. इस दौरान परिजनों के अलावा गांव के कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की गयी.

मीडिया द्वारा वीडियो बनाये जाने पर जांच टीम ने आपत्ति भी जतायी. एसआईटी के अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने से इनकार करते हुए कहा कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर कुछ बिंदुओं पर परिजनों से बातचीत की गई है, जिसकी रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को सौंपी जायेगी. पीड़िता को हर हाल में न्याय मिलेगा और दोषी किसी भी कीमत पर बच नहीं पायेंगे. एसआइटी इससे पूर्व भी तीन बार गांव आकर परिजनों से पूछताछ कर चुकी है. परिजनों का कहना है कि वे गहरे मानसिक आघात में हैं और बार-बार एक ही बिंदु पर पूछताछ से उन्हें और पीड़ा हो रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MINTU KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >