Jehanabad : पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया, मैंने सभी के हित में किया काम : नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले की सरकार ने बिहार में कोई ठोस काम नहीं किया, लेकिन उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में हर क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है.

Jehanabad Election. जहानाबाद सदर. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पहले की सरकार ने बिहार में कोई ठोस काम नहीं किया, लेकिन उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार में हर क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुआ है. नीतीश कुमार ने स्थानीय जनसभा में कहा, 20 सालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, और बिजली जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुआ है. उन्होंने बिजली की आपूर्ति पर बात करते हुए कहा कि 2018 में उन्होंने वादा किया था कि हर घर में बिजली पहुंचेगी, और अब यह वादा पूरा हो चुका है. बिजली बिल की समस्या को देखते हुए, हमने 125 यूनिट तक बिजली बिल माफ कर दिया. अब हर घर में बिजली है और लोग इसे सही तरीके से उपयोग कर पा रहे हैं. सड़क निर्माण के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, बिहार के हर हिस्से में सड़कें बन चुकी हैं, और अब पटना से किसी भी स्थान तक 4 से 5 घंटे में पहुंचा जा सकता है. पहले, लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगता था. स्वास्थ्य सेवाओं पर भी मुख्यमंत्री ने विशेष ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने बताया, पहले के शासनकाल में स्वास्थ्य केंद्रों में कोई नहीं जाता था, लेकिन अब हर जगह अस्पतालों का निर्माण हो चुका है और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की भी व्यवस्था की गयी है. लोग अब इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का रुख कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी बिहार ने महत्वपूर्ण प्रगति की है़ उन्होंने बताया कि पहले राज्य में केवल 6 मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन अब 27 मेडिकल कॉलेजों पर काम चल रहा है. शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के बारे में नीतीश कुमार ने कहा, बालिका पोशाक, साइकिल राशि, और अन्य योजनाओं ने छात्रों में पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाया है, और अब अधिक से अधिक छात्र स्कूल जाने लगे हैं. हमने 2 करोड़ शिक्षकों की बहाली की और 10 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हमने 40 लाख लोगों को रोजगार दिया है. महिलाओं के सशक्तिकरण पर कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उनके खातों में 10,000 रुपये की राशि भेजी गई है, और 1 करोड़ 73 लाख महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर हो चुकी है. मुख्यमंत्री ने आगामी चुनाव के बारे में बात करते हुए कहा कि इस बार फिर से सरकार बनने पर गांव-गांव में सोलर ऊर्जा का प्रावधान किया जायेगा ताकि बिजली कटने पर भी ग्रामीण इलाकों में शहरी जैसा माहौल बना रहे. अब हमारा काम सिर्फ और सिर्फ विकास करना है. उन्होंने अपने शासनकाल में आतंकवाद के खत्म होने की बात भी की और कहा, पहले के शासनकाल में बिहार में आतंक का राज था, जिसे हमने समाप्त किया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MINTU KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >