Jehanabad News: राज्य सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर अपर सचिव सह निदेशक, जन शिक्षा, शिक्षा विभाग, बिहार सरकार एवं जिला पदाधिकारी, जहानाबाद के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में मद्य निषेध से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया.
विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने लिया हिस्सा
इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद, भाषण, निबंध, चित्रांकन एवं अन्य शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. मद्य निषेध पर आधारित समूह गायन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कार्यक्रम को सफल बनाया.
कई विद्यालयों के छात्रों ने किया बेहतर प्रदर्शन
मध्य विद्यालय उंटा, राज्य संपोषित बालिका इंटर विद्यालय, उच्च विद्यालय घेजन, ओपी भी केशरबाग खैरा, उच्च विद्यालय ओकरी, उच्च माध्यमिक विद्यालय जलालपुर तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय मलाठी उर्दू सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
विकास योजनाओं और नागरिक दायित्वों की दी जानकारी
विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य सरकार की विकास योजनाओं, जनहितकारी नीतियों एवं नागरिक उत्तरदायित्व के प्रति भी जागरूक किया गया.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दी बधाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी. उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार की शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
