Jehanabad News: नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनदहाड़े एक छात्र को बंधक बनाकर आभूषण लूटने की दुस्साहसिक घटना सामने आई है. नगर थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर मोहल्ला निवासी सुधीर कुमार के पुत्र सुधांशु कुमार के साथ बाइक सवार अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित परिवार ने इस संबंध में नगर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है और मामले में शामिल सभी अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
गर्दन पर ब्लेड सटाकर जबरन बाइक पर बैठाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र सुधांशु कुमार शहर के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित शांतिपुंज स्कूल के समीप संचालित एक कोचिंग संस्थान से पढ़कर पैदल अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में बस स्टैंड के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पहले उसे बातों के झांसे में लिया और फिर जबरन अपनी बाइक पर बीच में बैठा लिया. जब छात्र ने इसका विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उसकी गर्दन पर धारदार ब्लेड सटा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया.
सुनसान गली में ले जाकर छीने सोने के आभूषण
अपराधी छात्र को बाइक पर बंधक बनाकर फिदा हुसैन मोड़ से आगे स्थित एक सुनसान गली में ले गए. वहां एकांत का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने डरा-धमकाकर छात्र के गले से सोने का कीमती आभूषण जबरन झपट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश छात्र को वहीं छोड़कर तेजी से मौके से फरार हो गए. सहमे हुए छात्र ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई.
त्वरित कार्रवाई: एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित छात्र और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी की पहचान कर ली. इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से आरोपी को तत्काल दबोचकर नगर थाने लाया गया. पकड़े गए आरोपी की पहचान जहानाबाद के राजाबाजार स्थित उत्तरी दौलतपुर निवासी मिठू कुमार के रूप में की गई है. पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त बाइक व लूटे गए आभूषण की बरामदगी के साथ-साथ इस वारदात में शामिल उसके अन्य साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
