जहानाबाद के सरकारी स्कूलों में लर्निग गैप भरने की तैयारी, FLN मिशन 2026-27 का तीसरा चरण शुरू

जहानाबाद जिले के सरकारी विद्यालयों में फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमैरेसी (FLN) मिशन 2026-27 के तीसरे चरण की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इसका उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना और सीखने के अंतर को पाटना है.

Jehanabad News : जहानाबाद जिले के सरकारी विद्यालयों में बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमैरेसी (FLN) मिशन 2026-27 के तीसरे चरण की तैयारी तेज कर दी गई है. इसी क्रम में गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जिले के सभी सात प्रखंडों के नोडल पदाधिकारी, नोडल सहायक शिक्षक एवं एफएलएन ब्लॉक रिसोर्स पर्सन को टीआरएल (Teaching at Right Level) पद्धति के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया गया.

कक्षा 4 से 8 तक कमजोर विद्यार्थियों की होगी पहचान

प्रशिक्षण के दौरान कक्षा 4 से 8 तक के उन विद्यार्थियों पर विशेष चर्चा हुई, जिनकी पढ़ने, लिखने और गणितीय समझ अपेक्षित स्तर से कम है. ऐसे बच्चों का स्तरवार आकलन कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप विशेष शिक्षण सत्र संचालित किए जाएंगे, ताकि उनकी सीखने की क्षमता में सुधार हो सके.

नियमित मूल्यांकन से होगी प्रगति की निगरानी

जिला नोडल पर्सन एवं जिला गुणवत्ता शिक्षा समन्वयक अखिलेश्वर पंडित ने बताया कि विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा. इसके आधार पर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक छात्र निर्धारित अधिगम स्तर तक पहुंच सके.

टीआरएल पद्धति से क्षमता के अनुसार होगी पढ़ाई

प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के जिला समन्वयक परशुराम शर्मा एवं नरेश कुमार ने टीआरएल पद्धति और टीएलएम (Teaching Learning Material) के उपयोग पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया. उन्होंने बताया कि इस पद्धति में बच्चों को उनकी कक्षा के बजाय उनकी वास्तविक सीखने की क्षमता के अनुसार पढ़ाया जाता है. इससे कमजोर विद्यार्थियों की सीखने की गति तेज होती है और वे मुख्यधारा की पढ़ाई से जुड़ पाते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >