जहानाबाद: सावन की दूसरी सोमवारी पर बराबर सिद्धेश्वरनाथ धाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन की दूसरी सोमवारी पर मगध के बराबर स्थित सिद्धेश्वरनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर मंगलकामना की. ड्रोन, सीसीटीवी और बैरिकेडिंग से सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई.

Jehanabad News: सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर मगध का हिमालय कहे जाने वाले बराबर स्थित सिद्धेश्वरनाथ धाम में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा. जिले के विभिन्न हिस्सों के अलावा आसपास के जिलों से पहुंचे एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया और भगवान शिव से मंगलकामना की.

रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं का बराबर पहुंचना शुरू हो गया था. कई श्रद्धालु रात में ही पहाड़ी की चढ़ाई कर मंदिर तक पहुंचे. अहले सुबह से ही बाबा सिद्धेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गयी. बराबर पहाड़ी पर चारों ओर शिवमय माहौल देखने को मिला और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा.

ड्रोन और सीसीटीवी से होती रही निगरानी

श्रावणी मेले में उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन एवं जलाभिषेक की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की प्राथमिकताओं में शामिल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों ने मिलकर व्यवस्था संभाली. मेले की गतिविधियों पर माइक अनाउंसमेंट, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी गयी. विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारी तैनात रहे. भीड़ प्रबंधन, लाइन व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे.

बैरिकेडिंग से व्यवस्थित किया गया प्रवेश

श्रद्धालुओं के प्रवेश को सुव्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गयी थी. इससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिली और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, कूड़ेदान और साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी. प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए विशेष टीम लगायी गयी थी. टीम द्वारा प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर रीसाइक्लिंग के लिए अलग किया जा रहा था.

मोबाइल टॉयलेट और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, शीतल पेयजल और स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था की गयी थी. सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती भी की गयी थी. श्रद्धालुओं ने प्रशासन की ओर से की गयी व्यवस्थाओं की सराहना की. प्रशासन की ओर से कहा गया कि श्रावणी मेले के दौरान आने वाली सभी सोमवारी को लेकर इसी तरह तैयारियां जारी रहेंगी. श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

जिले के अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़

सिद्धेश्वरनाथ धाम के अलावा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित अन्य शिवालयों में भी अहले सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. शिव भक्त गंगाजल और बेलपत्र लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे. दिनभर विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा. हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे. सावन की दूसरी सोमवारी पर जिलेभर में माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया.

Also Read: पटना समेत कई शहरों में छाए काले बादल, 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 15 अगस्त तक के लिए IMD की एडवाइजरी जारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mritunjay Jehanabad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >