Jehanabad News : कलेर प्रखंड की तीन पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था. दक्षिणी कलेर, बेलसार और सोहसा पंचायत में आयोजित शिविरों में कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 21 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.
दक्षिणी कलेर में 15 आवेदन, 8 का हुआ निष्पादन
प्रखंड विकास पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि दक्षिणी कलेर पंचायत में शिविर के दौरान 15 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से आठ मामलों का तत्काल निष्पादन किया गया. शेष आवेदनों की जांच के बाद जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया.
बेलसार में भूमि विवाद और पेंशन के आवेदन अधिक
बेलसार पंचायत में आयोजित शिविर में 22 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से दो मामलों का मौके पर निष्पादन किया गया. यहां भूमि विवाद, वृद्धा पेंशन और आय प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन अधिक संख्या में आये.
सोहसा में सबसे अधिक 26 आवेदन
सोहसा पंचायत में सबसे अधिक 26 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 11 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया. शिविर में राशन कार्ड, आवास योजना और मनरेगा से जुड़े मामले प्रमुख रहे.
पंचायत स्तर पर मिल रही सरकारी सेवाएं
बीडीओ सुशील कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे. सरकार की मंशा है कि आम लोगों को उनके घर के नजदीक ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध हों. इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किये जा रहे हैं.
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायती राज, समाज कल्याण और बैंक से जुड़े विभागों के कर्मी मौजूद रहे. कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक दस्तावेज भी जमा कराये. बीडीओ ने कहा कि जिन आवेदनों का मौके पर निष्पादन नहीं हो सका है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाएगा.
मौके पर सोहसा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार, मुखिया पूनम कुमारी, बेलसार पंचायत के मुखिया विक्रम पासवान, राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य समेत विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद रहे.
