Jehanabad : जालसाजों ने रिटायर्ड आर्मी मैन का एटीएम कार्बड दल 40 हजार उड़ाये

शहर में बैंक और एटीएम के आसपास सक्रिय उचक्का गिरोह लगातार भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहा है.

जहानाबाद. शहर में बैंक और एटीएम के आसपास सक्रिय उचक्का गिरोह लगातार भोले-भाले लोगों को निशाना बना रहा है. मंगलवार को जालसाजों ने एटीएम से पैसे की निकासी करने गये एक रिटायर्ड आर्मी मैन का एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से 40 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. घटना के बाद पीड़ित ने नगर थाना में जालसाजी की प्राथमिकी दर्ज करायी है. मखदुमपुर थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव निवासी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि वे वर्तमान में राजाबाजार हनुमान नगर में रहते हैं. वे पीएनबी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गये थे. कई बार प्रयास करने के बावजूद जब पैसे नहीं निकले, तो पीछे खड़े तीन लोगों में से एक ने स्वयं को ग्राहक बताते हुए मदद की पेशकश की. विश्वास में लेकर उसने एटीएम मशीन के संचालन में सहायता करने का नाटक किया. इसी दौरान जालसाजों ने चालाकी से अरविंद कुमार शर्मा का एटीएम कार्ड बदल दिया और किसी अन्य व्यक्ति का कार्ड उन्हें थमा दिया. उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी. बाद में जब वे दूसरे स्थान पर जाकर एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे, तब पता चला कि उनके पास मौजूद कार्ड किसी दूसरे व्यक्ति का है. खाते की जांच करने पर मालूम हुआ कि जालसाजों द्वारा 40 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी है. घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ जालसाजों की पहचान करने में जुट गयी है. पुलिस ने लोगों से एटीएम के अंदर किसी अजनबी की मदद न लेने की अपील भी की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MINTU KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >