अरवल के स्थापना दिवस पर विकास का रोडमैप: अगले साल रेलवे लाइन का काम शुरू होने का दावा

अरवल ने अपना 26वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, जिसमें स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. विधायक ने अगले स्थापना दिवस तक रेलवे लाइन शुरू होने और मेडिकल कॉलेज निर्माण का दावा किया.

Arwal Foundation Day : अरवल जिले का 26वां स्थापना दिवस गुरुवार को धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सब्जी बाजार में स्वच्छता श्रमदान से हुई. डीडीसी शैलेश कुमार, एसडीएम, एसडीपीओ और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने श्रमदान कर साफ-सफाई की. इसके बाद बालिका उच्च विद्यालय से इंडोर स्टेडियम तक स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली. डीडीसी ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया.

रंगोली प्रतियोगिता और आवास लाभुकों का सम्मान

स्थापना दिवस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसके बाद जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पूर्ण आवास के लाभुकों को चाबी देकर सम्मानित किया.

दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ मुख्य समारोह

मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन अरवल विधायक मनोज कुमार पप्पू वर्मा, जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया. पायस मिशन स्कूल के बच्चों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया.

अगले स्थापना दिवस तक रेलवे लाइन का काम शुरू होने का दावा

समारोह को संबोधित करते हुए अरवल विधायक मनोज कुमार पप्पू वर्मा ने कहा कि अरवल में इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए प्रयास जारी है. उन्होंने दावा किया कि अगले स्थापना दिवस तक रेलवे लाइन के काम की शुरुआत हो जाएगी. फोरलेन और बाइपास का निर्माण भी जल्द शुरू होने की बात कही. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अरवल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.

मेडिकल कॉलेज और नहर निर्माण की योजना

विधायक ने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है. सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज शुरू हो चुके हैं. नेनुआ नाला में करीब आठ किलोमीटर नहर का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोनों विधायक मिलकर जिले के विकास के लिए काम कर रहे हैं और चौमुखी विकास के लिए सरकार एवं जनप्रतिनिधि प्रतिबद्ध हैं.

25 वर्षों की उपलब्धियों को किया याद

जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि यह दिन अरवलवासियों के लिए गर्व का अवसर है. इन 25 वर्षों में जिले ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसमें किसान, मजदूर, महिलाएं और छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में मनोहर कुमार ने विज्ञान प्रदर्शनी प्रस्तुत की. शंकर कैमुरी ने कविता पाठ किया. एसडीएस की छात्राओं ने झिझिया नृत्य और पायस मिशन स्कूल की छात्राओं ने कजरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी. दर्शकों ने प्रस्तुतियों की सराहना की.

कार्यक्रम में नृत्य करते कलाकार

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

पांडुलिपि के क्षेत्र में कार्य के लिए सुधीर कुमार पाठक, अजेंद्र पाठक और अजीत पाठक को सम्मानित किया गया. वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डीडीसी शैलेश कुमार, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता अभिरंजन कुमार, अरवल बीडीओ सुषमा कुमारी, करपी बीडीओ रोहित कुमार समेत अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. अतिथियों ने पुरस्कार वितरित किए. इसके बाद बिहार गीत की प्रस्तुति के साथ स्थापना दिवस समारोह का समापन हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nishikant kumr

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >